मनोरंजन

महाराष्ट्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फिल्म ‘इंदु सरकार’ का प्रदर्शन रोका, फिल्म के शो को रोकने के लिए की नारेबाजी

मधुर भंडारकर की फिल्म 'इंदु सरकार' का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकताओं ने नवी मुंबई के कल्याण स्थित आईनोक्स मल्टीप्लेक्स में इसे नहीं चलने दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर उछालते हुए विरोध में नारे लगाना शुरू कर दिया। जिले में कई अन्य स्थानों पर भी फिल्म के शो को रद्द करना पड़ा।

2 min read
Jul 29, 2017

कांग्रेस के विरोध केे बाबजूद मधुर भंडारकर की फिल्म 'इंदु सरकार' 28 जुलाई शुक्रवार को रिलीज हो चुकी है। फिल्म 'इंदु सरकार' का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकताओं ने शुक्रवार को यहां के एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म का मैटिनी शो रोक दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई के कल्याण स्थित आईनोक्स मल्टीप्लेक्स में इसे नहीं चलने दिया।

पहला शो सुबह नौ बजे शुरू होना था लेकिन सिनेमा हॉल में कांग्रेस नगर अध्यक्ष सचिन पोटे की अगुआई में पहले से बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर उछालते हुए विरोध में नारे लगाना शुरू कर दिया। बाद में शो को रद्द कर दिया गया। ठाणे शहर में कोरम मॉल के सामने कांग्रेस नेता बाल पुर्णेकर के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इकठ्ठे होकर फिल्म के शो को नहीं चलने दिया। जिले में कई अन्य स्थानों पर भी फिल्म के शो को रद्द करना पड़ा।

ठाणे जिले के अध्यक्ष मनोज शिंदे के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोरुम मॉल के आइनॉक्स सिनेमा के अंदर घुस गए और भंडारकर और उनकी फिल्म की निंदा करते हुए नारेबाजी करने लगे। उत्तेजित कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार और केंद्र के खिलाफ भी नारे लगाते हुए पर्दे के पास के मंच पर भी चढ़ने की कोशिश की। शिंदे ने कहा, "यह हमारी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की छवि को जानबूझकर बदनाम करने की कोशिश है, जिन्होंने देश के लिए बहुत योगदान दिया है। हम फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं होने देंगे।" उन्होंने भंडारकर पर निशाना साधते हुए कहा कि वह इस बात से निराश हैं कि एक मराठी होते हुए भी उन्होंने फिल्म बनाने का फैसला किया। उन लोगों ने थिएटर प्रबंधन को शो जारी रखने पर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी। सिनेमाघर ने फिर शो को रद्द करने का फैसला किया और दर्शकों को टिकट के पैसे वापस कर दिए।

इससे पहले इस महीने की शुरुआत में महाराष्ट्र में विपक्ष के कांग्रेस नेता राधाकृष्णन विखे-पाटिल और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से दखल देने की मांग की थी। फिल्म 'इंदु सरकार' इंदिरा गांधी सरकार के दौरान 1975-1977 में लगाई गई आपातकाल की पृष्ठभूमि पर बनी है। संजय गांधी की जैविक पुत्री होने का दावा करनेे वाली एक महिला ने इस फिल्म को रोकने के लिये उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर की थी जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया था। फिल्म में कीर्ति कुलहरी, नील नितिन मुकेश, तोता रॉय चौधरी, अनुपम खेर और सुप्रिया विनोद जैसे कलाकारों ने काम किया है।

Published on:
29 Jul 2017 12:16 pm
Also Read
View All