
Indian Singer in US Band Darshan Magdum: लंबे इंतजार के बाद भारतीय सिंगर दर्शन मगदुम को आखिरकार US वीजा मिल गया है। अब वो अमेरिकन बॉय बैंड 'Boy Throb' के साथ आने वाले टूर में शामिल होंगे। बैंड ने इस खुशखबरी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसे देखकर फैंस भी इमोशनल हो गए।
अमेरिकन बॉय बैंड 'Boy Throb' के भारतीय सदस्य दर्शन मगदुम को लंबे इंतजार के बाद US वीजा मिल गया है। वीजा मिलने के साथ ही उनके बैंड के साथ दोबारा जुड़ने का रास्ता साफ हो गया है। अब वो अपकमिंग टूर से पहले अपने साथियों के साथ अमेरिका रवाना होंगे।
बैंड ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दर्शन मगदुम फेसटाइम कॉल के जरिए अपने साथियों को वीजा मंजूर होने की जानकारी देते हैं। ये खबर सुनते ही सभी बैंड मेंबर्स खुशी से झूम उठे और बार-बार कहते नजर आए, "हमने कर दिखाया।" बता दें, वीजा प्रक्रिया पूरी होने तक दर्शन अमेरिका नहीं जा सके थे। ऐसे में बैंड के अन्य सदस्य प्रमोशनल शूट और इवेंट्स में उनके लाइफ-साइज कार्डबोर्ड कटआउट के साथ नजर आते रहे। ये अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया गया।
'बॉय थ्रोब' (Boy Throb) एक फेमस अमेरिकी पॉप बॉय बैंड है, जिसमें एंथनी की, इवान पेपर, जैकरी सोबानिया और भारतीय कंटेंट क्रिएटर और सिंगर दर्शन मगदुम शामिल हैं। ये बैंड अपने भारतीय सदस्य दर्शन मगदुम के लिए अमेरिकी वीजा दिलाने से जुड़े अनोखे सोशल मीडिया अभियान और वायरल गानों की वजह से काफी चर्चा में रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में फैंस की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने लिखा कि किसी के US वीजा मिलने पर वे पहली बार इतने खुश हुए हैं। एक फैन ने लिखा, "मैं सचमुच रो पड़ा।" तो वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, "इस एक आदमी का वीजा दिलाने में पूरी दुनिया लग गई थी।"
वीजा मंजूर होने के बाद अब दर्शन मगदुम जल्द ही 'Boy Throb' के साथ मंच शेयर करते नजर आएंगे, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।