
Deepak Qazir Attack: सीनियर एक्टर दीपक काजिर केजरीवाल पर 'सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' (CINTAA) के ही कुछ सदस्यों द्वारा मुंबई ऑफिस में कथित तौर पर हमला किया गया है। CINTAA की लाइफटाइम मेंबर डेजी क्लेमेंट्स ने इस घटना के बारे में बात की है। उन्होंने बताया कि वहां क्या हुआ था और एसोसिएशन के ऑफिस में सदस्यों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
'बॉलीवुड क्रॉनिकल' से बातचीत में डेजी ने बताया कि यह घटना बीते गुरुवार को हुई, जब दीपक CINTAA ऑफिस पहुंचे लेकिन उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। जब उन्होंने दीपक पाराशर से अंदर न जाने देने का कारण पूछा, तो मामला हिंसक हो गया।
घटना को याद करते हुए डेजी ने कहा, "यह गुरुवार (26 नवंबर) को हुआ। दीपक को अंदर जाने से रोका गया, तो उन्होंने पूछा कि क्यों रोका गया। उन्होंने बस दीपक पाराशर से पूछा, 'मुझे क्यों रोका? किस वजह से? मुझे जवाब चाहिए।' इसके बाद, उन्हें बहुत बुरी तरह पीटा गया। अरमान ताहिल, बृजेश, राम और सपन भट्टाचार्य ने उन्हें लात-घूसों से मारा, जिससे वे घायल हो गए।"
इसके आगे सीनियर एक्टर की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, "अभी उनकी तबीयत ठीक नहीं है। वे कैंसर के मरीज हैं। CINTAA ऑफिस में ऐसा नहीं होना चाहिए। यह सबके लिए बहुत डरावनी बात है। अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है, तो हमारे साथ भी हो सकता है।"
फिलहाल, CINTAA ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, इन दावों की पूरी तरह से पुष्टि भी नहीं हुई है, और जिन सदस्यों का नाम लिया गया है, उनकी तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अभिनेता के करियर की बात करें तो, दीपक कई टेलीविजन शोज और वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं, जिनमें 'सहर होने को है', 'स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी', 'असुर', 'तेनाली रामा', 'बड़े अच्छे लगते हैं' और 'कहानी घर घर' के नाम शामिल हैं। इसके अलावा वह 'जाने भी दो यारो', 'रूप की रानी चोरों का राजा', 'परदेस 'और 'मेट्रो… इन दिनों' जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं।