मनोरंजन

‘मैं उनसे थोड़ा डरता था’, शाहरुख खान के घमंड की चर्चा सुनकर सहमे थे को-स्टार, फिर SRK ने खुद आकर कही ऐसी बात

Deven Bhojani on Shah Rukh Khan: एक्टर देवेन भोजानी ने खुलासा किया कि 90 के दशक में शाहरुख खान के घमंड की अफवाहें सुनकर वे उनसे डरते थे, लेकिन सेट पर SRK की सादगी ने उनका दिल जीत लिया।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 1:32 PM IST
Shah Rukh Khan Jaadoo Yeh Lamhe Judaai Ke
सेट पर खुद चलकर आए SRK ने कही थी ऐसी बात (सोर्स: x- @SHABBEE58226992)

Shah Rukh Khan Jaadoo Yeh Lamhe Judaai Ke: बॉलीवुड के फेमस एक्टर और डायरेक्टर देवेन भोजानी ने 1990 के दशक में शाहरुख खान के साथ काम करने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है, जिसमें देवेन ने बताया कि फिल्म 'जादू' के सेट पर पहली बार जाने से पहले वे शाहरुख से थोड़ा सहमे हुए थे। इसकी वजह वे अफवाहें थीं, जिनमें कहा जा रहा था कि शाहरुख बेहद घमंडी हैं और अमिताभ बच्चन और दिलीप कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं के बारे में नकारात्मक बातें करते हैं। हालांकि, सेट पर शाहरुख की सादगी ने देवेन की सारी गलतफहमियां दूर कर दीं।


अफवाहों के कारण शाहरुख से दूरी बनाना चाहते थे देवेन

सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान देवेन भोजानी ने उस दौर को याद करते हुए बताया कि आमतौर पर वे हर जगह खुद आगे बढ़कर अपना परिचय देते हैं, लेकिन उस फिल्म के सेट पर उन्होंने सुना-सुनाया मानकर शाहरुख खान से थोड़ी दूरी बनाकर रखने का फैसला किया था। देवेन के एक दोस्त ने उन्हें बताया था कि शाहरुख में काफी अहंकार है और वे नखरे दिखाते हैं।

जब शाहरुख ने खुद आगे आकर की तारीफ

देवेन ने ये भी बताया कि शूटिंग शुरू होने से पहले ही शाहरुख खान खुद चलकर उनके पास आए और हाथ बढ़ाते हुए कहा, "हैलो, मैं शाहरुख हूं। 'जो जीता वही सिकंदर' में आपका काम बहुत अच्छा है।" शाहरुख का यह व्यवहार देखकर देवेन हैरान रह गए। उन्होंने मन ही मन सोचा कि वे इस इंसान के बारे में क्या-क्या गलत धारणाएं बनाए बैठे थे, जबकि इतना बड़ा स्टार होने के बावजूद शाहरुख खुद आगे आकर मिले। इसके बाद दोनों के बीच सहज बातचीत हुई, जिससे शूटिंग से पहले की झिझक पूरी तरह खत्म हो गई। देवेन ने स्वीकार किया कि शाहरुख के बारे में सुनी गई बातों पर यकीन करना उनकी बड़ी भूल थी, और अब मैं उनसे नहीं डरता वो अच्छे इंसान है।

10 साल बाद 'ये लम्हे जुदाई के' नाम से रिलीज हुई थी फिल्म

पॉडकास्ट के दौरान इस अधूरी रही फिल्म 'जादू' पर भी चर्चा हुई। देवेन ने बताया कि उन्हें जानकारी थी कि फिल्म बाद में किसी दूसरे नाम से आई थी, हालांकि उन्हें इसका पूरा विवरण नहीं पता था। सिद्धार्थ कन्नन ने इस पर जानकारी देते हुए बताया कि मूल कहानी का इस्तेमाल कर लगभग 10 साल बाद यह फिल्म 'ये लम्हे जुदाई के' शीर्षक से रिलीज की गई थी। खबरों के मुताबिक, फिल्म के कई हिस्सों को पूरा करने के लिए बॉडी डबल्स की मदद ली गई थी और शाहरुख खान के कुछ दृश्यों की डबिंग किसी अन्य कलाकार ने की थी।

टीवी और ओटीटी के फेमस चेहरे हैं देवेन भोजानी

अभिनय और निर्देशन की दुनिया में देवेन भोजानी अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाते हैं। थिएटर, फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सक्रिय देवेन ने 'साराभाई वर्सेस साराभाई', 'बा बहू और बेबी', 'ऑफिस ऑफिस' और 'देख भाई देख' जैसे कई यादगार धारावाहिकों में काम किया है। हाल ही में वे नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध प्रोजेक्ट 'चुंबक' में नजर आए हैं।

Updated on:
20 Nov 2026, 1:32 PM IST
Published on: