
Mumbai Tree Collapse Vihan Shrivastav: मुंबई के चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव की दर्दनाक मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे के बाद जहां परिवार गहरे सदमे में है, वहीं सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा लगातार सामने आ रहा है। इस पूरे मामले को लेकर मंत्री जी के हालिया बयान ने अब विवाद बढ़ा दिया है। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने भी इस पूरे मामले पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स लिखा, ये हैं हमारे मंत्री जी। उनका यह पोस्ट देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दरअसल, ये विवाद उस समय शुरू हुआ जब महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि पेड़ गिरना या बिजली गिरना जैसी घटनाएं पूरी तरह इंसानों के नियंत्रण में नहीं होतीं। उनका कहना था कि किसी पेड़ के कब गिर जाने का पहले से अनुमान लगाना हमेशा संभव नहीं होता। उन्होंने कहा ये तो नेचुरल ही है।
हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि सरकार घटना को गंभीरता से ले रही है और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। लेकिन उनके इस बयान को लेकर विपक्ष के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने सवाल उठाए।
इसी बीच टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने बिना किसी लंबी टिप्पणी के केवल एक लाइन लिखकर अपना गुस्सा जाहिर किया। उनका पोस्ट इस बात का हिंट था कि वो मंत्री के बयान से बिल्कुल भी सहमत नहीं हैं। अभिनेत्री की प्रतिक्रिया के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स भी दो हिस्सों में बंट गए। कुछ लोगों ने देवोलीना के बयान का समर्थन किया, जबकि कुछ ने कहा कि पूरे मामले की जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
ये पूरा मामला चेंबूर इलाके में हुए उस दर्दनाक हादसे से जुड़ा है, जिसमें भारी बारिश के दौरान करीब 70 साल पुराना एक विशाल पेड़ अचानक उखड़कर यूनिवर्सल हाई स्कूल की बस पर गिर पड़ा। हादसे के समय बस में कई बच्चे मौजूद थे। इस दुर्घटना में 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि अन्य बच्चे घायल हुए। स्थानीय लोगों, बस स्टाफ और बचाव दल ने मिलकर बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
विहान की अंतिम विदाई का दृश्य भी लोगों की आंखें नम कर गया। परिवार ने उसे उसके सबसे प्रिय क्रिकेट बॉल के साथ विदा किया। पड़ोसियों के अनुसार विहान का सपना बड़ा क्रिकेटर बनने का था। उसकी मां जूही श्रीवास्तव अंतिम संस्कार के दौरान बेटे का क्रिकेट बैट सीने से लगाए बैठी रहीं। बताया जाता है कि वह अक्सर बेटे की चिंता में उसे वीडियो कॉल किया करती थीं और अब भी इस सच्चाई को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं कि उनका इकलौता बेटा हमेशा के लिए उनसे दूर चला गया।