
Diljit Dosanjh Lifetime Free Tickets Fan: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 21 नवंबर को आयोजित 'ऑरा इंडिया टूर' (Aura India Tour) कॉन्सर्ट में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने न सिर्फ अपनी गायकी से समां बांधा, बल्कि दो बेहद खास पलों से हजारों दर्शकों का दिल भी जीत लिया। एक ओर जहां उन्होंने एक युवक की गुजारिश पर कपल को स्टेज पर बुलाकर शादी के प्रपोजल को यादगार बनाया, वहीं दूसरी ओर दुनियाभर में उनके सात शो देख चुकी एक फैन को जिंदगीभर के लिए मुफ्त कॉन्सर्ट टिकट देने का ऐलान कर दिया। दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
कॉन्सर्ट के दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने दिलजीत दोसांझ से स्टेज पर बुलाने की गुजारिश की, ताकि वो अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज कर सके। दिलजीत की नजर जब उस पर पड़ी, तो उन्होंने कपल को स्टेज पर आमंत्रित किया। जब युवक अपनी प्रेमिका के सामने घुटनों के बल बैठकर प्रपोज कर रहा था, तब दिलजीत ने उनके लिए लाइव गाना गाकर इस पल को और भी खास बना दिया।
कपल को बधाई देते हुए दिलजीत ने कहा कि आजकल प्रपोज करना बहुत बड़ी बात है, क्योंकि उन्हें लगता है कि धीरे-धीरे ये सब चीजें खत्म होती जा रही हैं।
इसी इवेंट में दिलजीत दोसांझ की मुलाकात एक ऐसी महिला फैन से भी हुई, जो इस साल उनके 'ऑरा टूर' के सात शो में शामिल हो चुकी हैं। जब दिलजीत ने उनसे पूछा कि उन्होंने इस साल कितने शो अटेंड किए हैं, तो फैन ने जवाब दिया— सात। यह सुनकर दिलजीत ने दर्शकों से उनके लिए जोरदार तालियां बजाने को कहा और बताया कि वह वैंकूवर, अमेरिका, यूरोप, वेम्बली और अब अहमदाबाद के कॉन्सर्ट में भी पहुंची हैं।
फैन के इस प्यार और समर्पण से प्रभावित होकर दिलजीत ने घोषणा की कि आज के बाद उन्हें उनके कॉन्सर्ट के लिए कभी टिकट नहीं खरीदनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जब तक वह गाते रहेंगे, तब तक के लिए इस फैन को उनके शो के टिकट पूरी जिंदगी मुफ्त मिलेंगे और उन्हें बस टीम को सूचित करना होगा।