
Diljit Dosanjh Bomb Threat: फेमस पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के अपकमिंग मुंबई कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा चिंताएं गहरा गई हैं। बता दें, 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले इस शो से पहले, महाराष्ट्र राज्य पंजाबी साहित्य अकादमी के कार्यकारी अध्यक्ष ने CM देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप करने और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की अपील की है। साथ ही, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को मिले बम की धमकी वाले ईमेल के बाद ये मांग उठाई गई है, जिसमें दिलजीत के कॉन्सर्ट को संभावित निशाना बताया गया था।
मुंबई पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद कार्यक्रम स्थल को सुरक्षित घोषित कर दिया है, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है। खबरों के मुताबिक, कॉन्सर्ट की सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए जा रहे हैं। आमतौर पर कार्यक्रम स्थल के तीन गेटों पर चेकिंग होती है, लेकिन इस बार 5 गेटों पर सघन जांच की जाएगी। इसके अलावा, शो के दिन और उससे एक दिन पहले पूरे वेन्यू की सुरक्षा जांच होगी।
दिल्ली शो की तर्ज पर मुंबई में भी प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ाकर 1,500 से 2,000 के बीच की जा रही है, जो एंट्री पर कतारों को संभालने से लेकर भीड़ नियंत्रण का काम करेंगे। वेन्यू के आसपास 500 से 700 मीटर के दायरे को 'नो-कार जोन' घोषित किया जाएगा और ट्रैफिक पर सख्त पाबंदियां रहेंगी। दिलजीत की निजी सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और उनके होटल में भी अतिरिक्त सुरक्षा होगी। आयोजकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि गायक के ठहरने की जगह और आने-जाने के समय की जानकारी किसी के साथ यहां तक कि पैप्स के साथ भी शेयर न की जाए।
दिलजीत दोसांझ अपने Aura Tour के तहत देश के प्रमुख शहरों में परफॉर्म कर रहे हैं। उन्होंने 30 अक्टूबर को दिल्ली से इस टूर की शुरुआत की थी। अब उनका अगला पड़ाव 15 नवंबर को इंदौर का C21 एस्टेट है। इसके बाद 21 नवंबर को वे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तुति देंगे, जो इस शेड्यूल के सबसे बड़े शोज़ में से एक है।
27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले शो के ठीक दो दिन बाद, 29 नवंबर को वे बेंगलुरु के NICE ग्राउंड्स में परफॉर्म करेंगे। फिलहाल तय कार्यक्रम के अनुसार, इस टूर का समापन 5 दिसंबर को लखनऊ के 19वें नेशनल जंबोरी ग्राउंड में होगा।