
Diljit Dosanjh Touches feet Viral Video: पंजाबी गायक और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने इंटरनेशनल स्टेज पर एक बार फिर भारत का मान बढ़ाया है। दरअसल, 12 नवंबर को लास वेगास के MGM ग्रैंड गार्डन एरिना में आयोजित 27वें वार्षिक 'लैटिन ग्रैमी अवार्ड्स' में लाइव परफॉर्म कर उन्होंने इतिहास रच दिया। वे इस प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति देने वाले पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं। बता दें, उनकी शानदार परफॉर्मेंस के साथ-साथ बैकस्टेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी सादगी और संस्कारों को देख फैंस गदगद हो गए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दिलजीत दोसांझ प्यूर्टो रिकान रैपर और फेमस सिंगर Daddy Yankee की मां रोजा रोड्रिग्ज से मुलाकात करते नजर आ रहे हैं। मुलाकात के दौरान दिलजीत बेहद सम्मानपूर्वक झुककर उनके पैर छूते हैं। भारतीय संस्कृति और सम्मान के इस भाव को देखकर रोजा रोड्रिग्ज भी काफी प्रभावित और खुश नजर आईं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट सेक्शन में दिलजीत की तारीफों के पुल बांध रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि इतने बड़े मुकाम पर पहुंचने के बाद भी जमीन से जुड़े रहने और विदेशी धरती पर माताओं का सम्मान करने के लिए आपको सलाम है। वहीं, कई अन्य प्रशंसकों ने इसे पंजाब की असली संस्कृति बताते हुए दिलजीत को एक सच्चा जेंटलमैन करार दिया।
दिलजीत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस ऐतिहासिक शाम की एक झलक भी साझा की है। वीडियो में वे स्टेज पर डैडी यांकी के साथ मिलकर अपने हाल ही में रिलीज हुए गाने Pokito पर धमाकेदार परफॉर्मेंस देते दिख रहे हैं, जिस पर वहां मौजूद दर्शक झूम उठे। इस भव्य समारोह में बेबी रैंक्स, बैड ग्याल, डिविनो, डीजे प्रीमियर, ग्रूपो निचे, जे व्हीलर, लिल सुपा, लुइस एनरिक, नाथी पेलुसो और एंजेल 'कुको' पेना जैसे दिग्गज अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने भी शिरकत की।
दरअसल, दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'ऑरा इंडिया टूर 2026' (Aura India Tour 2026) को लेकर व्यस्त हैं। लास वेगास में इतिहास रचने के बाद अब वे भारत लौटकर 15 नवंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में लाइव कॉन्सर्ट करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।