मनोरंजन

Disco Shanti Hospitalised: 900 फिल्में करने वालीं अभिनेत्री डिस्को शांति की बिगड़ी थी तबीयत, अस्पताल से तस्वीर साझा करते हुए दिया हेल्थ अपडेट

Disco Shanti Health Update: अभिनेत्री डिस्को शांति ने हाल ही में अपने फैंस के साथ एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वो अस्पताल में भर्ती नजर आ रही हैं।
2 min read
Sep 16, 2026
Disco Shanti Health Update
डिस्को शांति (फोटो सोर्स- instagram/disco_shanthi_srihari)

Disco Shanti Health Update: 80 और 90 के दशक में साउथ सिनेमा में अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री डिस्को शांति इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं। फिल्मों में करीब तीन दशक दूर रहने के बाद उनकी वापसी की खबरों के बीच अभिनेत्री ने अस्पताल से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की, जिसके बाद उनके चाहने वाले उनकी सेहत को लेकर परेशान हो गए। तस्वीर में डिस्को शांति की नाक में एक मेडिकल ट्यूब लगी दिखाई दे रही है। हालांकि, अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में अस्पताल जाने की वजह या अपनी बीमारी से जुड़ी कोई जानकारी साझा नहीं की है।

डिस्को शांति का पोस्ट

अस्पताल की तस्वीर देखकर फैंस हुए परेशान

डिस्को शांति ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की। तस्वीर अस्पता की लग रही है और उसमें उनकी नाक के जरिए एक ट्यूब लगी नजर आ रही है। इसके साथ अभिनेत्री ने छोटा सा अपडेट देते हुए बताया कि वह अब घर लौट आई हैं। उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों ने चिंता जाहिर करनी शुरू कर दी।

कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में अभिनेत्री का हाल पूछा और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। हालांकि, डिस्को शांति ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें किस वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था या उनकी तबीयत से जुड़ी परेशानी क्या थी। ऐसे में उनकी सेहत को लेकर किसी तरह की अटकल लगाना उचित नहीं होगा।

28 साल बाद फिल्मों में वापसी की तैयारी

डिस्को शांति की यह स्वास्थ्य संबंधी पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब उनके प्रशंसक लंबे इंतजार के बाद उन्हें फिर से पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं। अभिनेत्री करीब 28 साल के अंतराल के बाद फिल्मी दुनिया में वापसी करने जा रही हैं। वो आगामी फिल्म 'पुला' का हिस्सा हैं।

इस फिल्म में वैषाली राज, सुनील, अरविंद आकाश, काली वेंकट और रंगराज पांडे जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। लंबे समय बाद डिस्को शांति के दोबारा फिल्मों में आने की खबर ने उनके पुराने प्रशंसकों के बीच भी दिलचस्पी बढ़ा दी है।

पति श्रीहरि के निधन के बाद फिल्मों से बनाई दूरी

डिस्को शांति ने अपने करियर के दौरान मुख्य रूप से डांस परफॉर्मेंस और ग्लैमरस भूमिकाओं के जरिए पहचान बनाई। उन्होंने तमिल के अलावा तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और हिंदी फिल्मों में भी काम किया। 80 और 90 के दशक में वह दक्षिण भारतीय सिनेमा का जाना-पहचाना चेहरा थीं।

अपने करियर के चरम दौर में उन्होंने तेलुगु अभिनेता श्रीहरि से शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं। साल 2013 में हार्ट अटैक के बाद श्रीहरि का निधन हो गया था। इसके बाद डिस्को शांति ने काफी हद तक फिल्मों और सार्वजनिक जीवन से दूरी बना ली।

अब इतने लंबे अंतराल के बाद उनकी पर्दे पर वापसी की खबर ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। उनके बेटे मेघमश्री श्रीहरि भी तेलुगु सिनेमा में अपना करियर बना रहे हैं और आगामी प्रोजेक्ट्स में मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। ऐसे में डिस्को शांति की वापसी को लेकर परिवार और उनके प्रशंसकों के बीच खास दिलचस्पी बनी हुई है। फिलहाल अभिनेत्री की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Updated on:
16 Sept 2026 01:59 pm
Published on:
16 Sept 2026 01:59 pm