
Divya Dutta Statement: बॉलीवुड और OTT की दुनिया में अपनी जबरदस्त अदाकारी से खास पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस दिव्या दत्ता के लिए साल 2026 बेहद खास साबित हो रहा है। बता दें, वेब सीरीज 'चिरैया' में 'कमलेश' का यादगार किरदार निभाने के बाद उन्हें दर्शकों से जो प्यार और सम्मान मिला है, उससे वो बेहद इमोशनल हैं। हाल ही में अपनी सफलता और करियर के सफर पर बात करते हुए दिव्या ने कहा कि आज जब वे लोगों के चेहरों पर खुशी देखती हैं, तो उन्हें भी यही महसूस होता है कि आखिरकार उन्हें उनका हक मिल ही गया है।
दिव्या दत्ता ने बताया कि 'चिरैया' सबसे ज्यादा देखे जाने वाले शोज में शामिल हुआ और इसने दर्शकों पर गहरा असर छोड़ा है। लोग आज भी उनसे मिलकर 'कमलेश' के सफर से जुड़ी अपनी निजी भावनाएं शेयर करते हैं। दिव्या के मुताबिक, इस साल उन्हें बेहद गहराई वाले तीन अलग-अलग किरदार निभाने का मौका मिला। जहां 'चिरैया' में उन्होंने संवेदनशील भूमिका निभाई, वहीं 'गजब रात' में एक नेगेटिव रोल कर अपने अभिनय की नई परत दिखाई।
इसके अलावा, 'लास्ट मैन इन टॉवर' में उन्होंने एक ऐसे रिश्ते को पर्दे पर उतारा, जो प्यार और वैचारिक मतभेदों से बुना गया था। इस प्रोजेक्ट में वह एक बार फिर दिग्गज एक्टर मनोज बाजपेयी के साथ नजर आईं। दोनों कलाकार सुधीर मिश्रा की आगामी फिल्म 'गांधी एंड माय मदर' में भी साथ काम कर रहे हैं।
'वीर-जारा' और 'भाग मिल्खा भाग' जैसी फिल्मों में अपनी छाप छोड़ने वाली दिव्या ने बताया कि इस साल दिग्गज एक्ट्रेस वहीदा रहमान से हुई उनकी मुलाकात एक बेहद यादगार अनुभव रही। गौरतलब है कि दोनों ने इससे पहले राकेश ओमप्रकाश मेहरा की चर्चित फिल्म 'दिल्ली 6' में साथ काम किया था।
अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की जानकारी देते हुए दिव्या ने बताया कि आने वाले समय में भी वो कई दिलचस्प कहानियों का हिस्सा बनने जा रही हैं। वह जल्द ही जिमी शेरगिल के साथ 'तुम रहे ना तुम' और नीरज काबी के साथ 'इकोज ऑफ वेलोर' में दिखाई देंगी। इसके साथ ही, वह एक और नई OTT सीरीज में भी काम कर रही हैं, जिसकी घोषणा होना अभी बाकी है। दिव्या का मानना है कि एक कलाकार के रूप में ऐसे किरदार निभाना बेहद जरूरी है, जो रचनात्मक संतुष्टि दें और सीधे दर्शकों के दिलों से जुड़ सकें।