
Emraan Hashmi Genelia Deshmukh Indian Idol Promo: एक्टर इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख अपनी अपकमिंग फिल्म 'गनमास्टर G9' के प्रमोशन के सिलसिले में हाल ही में रियलिटी शो 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' के खास एपिसोड में पहुंचे। फिल्म के हिट गानों जिन्हें शो के जज हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है और जश्न मनाने पहुंचे इन दोनों सितारों के एक नए प्रोमो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। प्रोमो में दोनों के रोमांटिक अंदाज को देखकर कई इंटरनेट यूजर्स भड़क गए हैं और इसे प्रमोशन का अजीब तरीका बता रहे हैं।
सामने आए प्रोमो में इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख फिल्म के गाने 'दर्द-ए-दिल दर्द-ए-जिगर' के एक रोमांटिक सीन को मंच पर रीक्रिएट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जेनेलिया एक बेंच पर बैठी नजर आती हैं, तभी इमरान उनके पास जाते हैं और रोमांटिक अंदाज में अपने होंठों से उनके कान का झुमका हटाते हैं। इस दृश्य के दौरान शो के कंटेस्टेंट हैरान दिखाई देते हैं, जबकि कुछ लोग तालियां बजाकर दोनों कलाकारों का उत्साह बढ़ाते नजर आते हैं।
प्रोमो जारी होते ही X पर यूजर्स की तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। एक यूजर ने लिखा कि अगर कोई लड़की रितेश देशमुख के साथ ऐसा करती, तो अब तक जेनेलिया का एक और मीम रिएक्शन देखने को मिल जाता। यह टिप्पणी रितेश देशमुख, प्रीति जिंटा और जेनेलिया के उस पुराने वायरल वीडियो की ओर इशारा थी, जिसमें रितेश ने प्रीति को गले लगाकर उनका हाथ चूमा था और पास खड़ी जेनेलिया असहज और नाराज दिखी थीं।
एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि रितेश सोच रहे होंगे कि ये सब क्या देखना पड़ रहा है। वहीं, एक तीसरे यूजर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्क्रीन पर रोमांटिक सीन करना काफी नहीं था, जो अब रियलिटी टीवी शो में ऐसे अजीब प्रमोशन किए जा रहे हैं, और वहां मौजूद लोगों के चेहरों की हैरानी सब कुछ बयां कर रही है।
हालांकि, आलोचनाओं के बीच कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इमरान और जेनेलिया का समर्थन भी किया। उनका कहना है कि दोनों कलाकार सिर्फ अपनी फिल्म के एक सीन को दोहरा रहे थे और उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री बेहद अच्छी लग रही है। फिलहाल, इस ऑनलाइन चर्चा पर इमरान हाशमी या जेनेलिया देशमुख की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बता दें, 'गनमास्टर G9' 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर इसकी सीधी टक्कर सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' से होगी, जिसमें आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं।