
Farah Khan New Vlog Cyrus Broacha: फेमस फिल्ममेकर फराह खान के कुक दिलीप को एक पॉडकास्ट में 'फ्रॉड' और नापसंद बताने वाले कॉमेडियन और होस्ट साइरस ब्रोचा ने अब उनके पैर छूकर और गले लगाकर स्वागत किया है। करीब एक महीने से अधिक समय पहले की गई अपनी टिप्पणियों के बाद साइरस ने शुक्रवार को रिलीज हुए फराह खान के नए यूट्यूब व्लॉग में फराह और दिलीप दोनों की अपने घर पर मेजबानी की। इस दौरान हंसी-मजाक के बीच पुराने विवाद पर भी खुलकर बातचीत हुई।
फराह खान द्वारा शुक्रवार को जारी किए गए व्लॉग में वो दिलीप के साथ साइरस ब्रोचा के घर पहुंचती नजर आती हैं। घर के अंदर जाने से पहले फराह कैमरे पर कहती हैं कि वो साइरस को दिखाती हैं, क्योंकि उन्होंने कहा था कि उन्हें दिलीप पसंद नहीं हैं। फराह ने मजाकिया लहजे में ये भी कहा कि यह बात सिर्फ वही कह सकती हैं, कोई और नहीं।
इसके बाद साइरस दरवाजे पर दोनों का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। वो पहले फराह को गले लगाते हैं और फिर गले मिलने से पहले दिलीप के पैर छूते हैं। इसके बाद वह दिलीप को गले लगाकर उनका हालचाल पूछते हैं।
व्लॉग में फराह बताती हैं कि साइरस की पुरानी बातें सुनकर दिलीप का दिल टूट गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने साइरस के लिए मटन पकाया और साथ लेकर आए। इस पर खुद का बचाव करते हुए साइरस मजाक में कहते हैं कि यह सब एआई (AI) की वजह से हुआ है और उन्होंने कुछ नहीं कहा। इसके बाद वह कैमरे की ओर देखकर आंख मारते हैं।
बाद में अपनी पुरानी टिप्पणियों पर सफाई देते हुए साइरस ने बताया कि उनके पॉडकास्ट में आए मेहमान कॉमेडियन शांतनु अनम लगातार दिलीप की तारीफ किए जा रहे थे, जिससे वह बोर हो गए थे और इसी वजह से उन्होंने वे बातें कह दी थीं।
दरअसल, साइरस ब्रोचा के यूट्यूब टॉक शो 'साइरस सेज' (Cyrus Says) में कॉमेडियन, एक्टर और इम्प्रोवाइजर शांतनु अनम बतौर मेहमान शामिल हुए थे। बातचीत के दौरान साइरस ने दिलीप को परेशान करने वाला बताते हुए कहा था कि उन्हें वह आदमी पसंद नहीं है और वह हर समय बस एक्टिंग करता रहता है।
साइरस ने यहां तक कहा था कि शुरुआत में एक-दो बार वो ठीक लगे, लेकिन बाकी समय वह उन्हें 'फ्रॉड' लगते हैं। उन्होंने यह भी टिप्पणी की थी कि शायद फराह उन्हें लाइनें सिखा देती हैं और उन्हें जरूरत से ज्यादा अहमियत दी जा रही है। उस वक्त भी शांतनु ने दिलीप का बचाव करते हुए कहा था कि साइरस दुनिया के इकलौते ऐसे इंसान हैं जिन्हें दिलीप पसंद नहीं हैं, जबकि वह बेहद प्यारे और अच्छे इंसान हैं।
फराह खान के एक पुराने व्लॉग में दिलीप ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया था कि उन्होंने दिल्ली में सिर्फ 300 रुपये से काम की शुरुआत की थी। फराह के घर काम शुरू करने पर उनकी शुरुआती तनख्वाह 20,000 रुपये थी। फराह ने बताया था कि यूट्यूब चैनल की सफलता के बाद अब दिलीप की सैलरी काफी बढ़ चुकी है और उन्हें यूट्यूब व्लॉग्स में काम करने के लिए अलग से भुगतान भी किया जाता है।