
हनुमान अंश-रामायण (फोटो सोर्स- IMDb)
Hanuman Ansh Director On Ramayana: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड' इन दिनों लगातार चर्चा में है। फिल्म की भव्यता, बड़े बजट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर दर्शकों के बीच काफी बातें हो रही हैं। अब फिल्म को लेकर 'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी अपनी राय रखी है। उन्होंने नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' को सांस्कृतिक पुनर्जागरण का हिस्सा बताया है। उनका मानना है कि भगवान राम और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं पर आधारित फिल्मों का सफल होना जरूरी है।
विशाल चतुर्वेदी ने 'इंडिया टुडे' को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कहा कि वो 'रामायण' देखने के लिए काफी उत्साहित हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है, इसलिए इसके बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि वह जल्द से जल्द फिल्म देखने का समय निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
विशाल ने फिल्म में हनुमान जी से जुड़े सीन पर दर्शकों की प्रतिक्रिया का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला है कि हनुमान जी के सीन के दौरान सिनेमाघरों में दर्शकों ने खूब उत्साह दिखाया। वह चाहते हैं कि भगवान राम पर बनी ऐसी फिल्में अच्छा प्रदर्शन करें।
उन्होंने कहा कि इस तरह की फिल्मों का सफल होना और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के लिए आगे बढ़ना बहुत जरूरी है।
इंटरव्यू के दौरान विशाल चतुर्वेदी से फिल्मों के बजट और कंटेंट को लेकर चल रही बहस पर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि किसी भी फिल्म की सबसे बड़ी ताकत उसकी कहानी और लेखन होता है। अगर कागज पर लिखी गई कहानी अच्छी नहीं है तो बड़े बजट और भव्य सेट भी फिल्म को सफल नहीं बना सकते।
उनके मुताबिक, सबसे पहले कहानी, संवाद और किरदारों की अभिव्यक्ति पर ध्यान देना चाहिए। इसके बाद अगर बजट की अनुमति हो तो फिल्म में बड़े स्तर के विजुअल इफेक्ट्स और भव्यता जोड़ी जा सकती है।
उन्होंने अपनी फिल्म 'हनुमान अंश' का उदाहरण देते हुए कहा कि यह कम बजट में बनाई गई थी, लेकिन इसका परिणाम बड़े बजट की फिल्म जैसा रहा। उनका मानना है कि अच्छी कहानी को साधारण तरीके से भी दर्शकों तक पहुंचाया जा सकता है।
विशाल चतुर्वेदी और डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी, दोनों ने गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर फिल्म बनाने की घोषणा की है। दोनों की फिल्मों का नाम 'रामबोला' है। इस वजह से दोनों प्रोजेक्ट्स के एक ही दिन चर्चा में आने को लेकर सवाल भी उठे।
इस पर विशाल ने कहा कि तुलसीदास जी का जीवन इतना बड़ा विषय है कि उन पर 10 फिल्में भी बनाई जाएं तो कम होंगी। यह एक ऐसा विषय है, जिस पर कोई भी फिल्म बना सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों निर्देशक अपने-अपने नजरिए से तुलसीदास जी की कहानी दिखाएंगे और इससे दर्शकों को उनके जीवन के अलग-अलग पहलुओं को समझने का मौका मिलेगा।
विशाल चतुर्वेदी ने अपनी फिल्म 'हनुमान अंश' की ओटीटी रिलीज को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि फिल्म 27 नवंबर से दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। उनका कहना है कि कई लोग सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच पाए थे। खासकर छोटे शहरों और ऐसे इलाकों में रहने वाले परिवारों के लिए ओटीटी एक अच्छा माध्यम होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि कई दर्शकों ने फिल्म को बार-बार देखा है। अब उनकी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने परिवार के साथ इस फिल्म को देख सकें।
विशाल ने धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों पर फिल्म बनाने के दौरान संवेदनशीलता बरतने की बात भी कही। उनके मुताबिक, ऐसी फिल्मों में तथ्यों और प्रमाणिक संदर्भों का ध्यान रखना जरूरी है। विवाद के सहारे फिल्म को सफल बनाने का दौर अब खत्म हो चुका है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन




