मनोरंजन

AICWA के बाद FWICE ने भी पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, क्या भारत में नहीं आएगी फवाद खान की सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’?

Netflix Pakistani Series India Controversy: फवाद खान और माहिरा खान की सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की 4 दिसंबर की रिलीज से पहले AICWA के बाद FWICE ने भी पीएम मोदी से भारत में रोक लगाने की मांग की है।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 12:20 PM IST
FWICE
AICWA के बाद FWICE ने भी पीएम मोदी से की अपील (IMDb)

FWICE AICWA Fawad Khan Series: फवाद खान और माहिरा खान स्टारर पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर भारत में विरोध तेज हो गया है। 'ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (AICWA) के बाद अब 'फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज' (FWICE) ने भी पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस सीरीज को भारत में स्ट्रीम होने से रोकने की मांग की है। ये सीरीज 4 दिसंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है।

FWICE का पीएम मोदी को पत्र

25 नवंबर को लिखे अपने पत्र में FWICE ने पीएम से आग्रह किया है कि वे सूचना और प्रसारण मंत्रालय संबंधित अधिकारियों को इस रिलीज की जांच करने और इसे भारत में रोकने के लिए कदम उठाने का निर्देश दें। फेडरेशन का कहना है कि भारतीय बाजार में पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री की व्यावसायिक उपलब्धता सरकारी निर्देशों और भारतीय फिल्म जगत की भावनाओं के विपरीत है।

संगठन ने दोहराया है कि उसने अपने सदस्यों और संबद्ध संगठनों को पाकिस्तानी स्टार्स, सिंगर्स, म्यूजिशियन, नर्तकों और तकनीशियनों के साथ काम न करने या किसी भी तरह का सहयोग न करने का निर्देश दिया है। इसमें सांस्कृतिक आयोजनों या मनोरंजन कार्यक्रमों में भागीदारी, प्रचार या प्रायोजन के साथ-साथ डिजिटल व ऑनलाइन सहयोग भी शामिल है। FWICE ने घरेलू मनोरंजन क्षेत्र के लाखों कर्मचारियों व कलाकारों की आजीविका का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रीय हितों और सशस्त्र बलों के प्रति एकजुटता से ऊपर व्यावसायिक अवसरों को नहीं रखा जा सकता। साथ ही, संगठन ने 24 नवंबर को ऐसी ही मांग उठाने वाले AICWA का समर्थन भी किया।

AICWA की सख्त कानून और बैन की मांग

एक दिन पहले, 24 नवंबर को AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने सरकार से अपील की थी कि 'जो बचें हैं संग समेट लो' (Jo Bachay Hain Sang Samait Lo) को न तो रिलीज किया जाए और न ही नेटफ्लिक्स इंडिया पर स्ट्रीम किया जाए। संगठन ने सिनेमाघरों, टीवी चैनलों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तानी कंटेंट, कलाकारों और प्रोडक्शंस पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त व स्थायी कानून बनाने की मांग की, जिसमें उल्लंघन पर कड़ी सजा का प्रावधान हो।

AICWA ने नेटफ्लिक्स इंडिया और अन्य स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स से भी सार्वजनिक रूप से ये स्पष्ट करने को कहा है कि वे पाकिस्तानी कंटेंट नहीं दिखाएंगे। संगठन ने अपने विरोध के पक्ष में 26/11 मुंबई हमले, उरी हमले, पुलवामा हमले और अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया। साथ ही, सीरीज के कुछ पाकिस्तानी कलाकारों पर तनाव के दौरान भारत के खिलाफ बयान देने का आरोप लगाते हुए उनके शामिल होने पर आपत्ति जताई।

मई 2025 की एडवाइजरी और बेंगलुरु स्क्रीनिंग कैसिंल

इस पूरे विवाद के केंद्र में सूचना और प्रसारण मंत्रालय की 8 मई, 2025 की एडवाइजरी है, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दौरान जारी की गई थी। उस एडवाइजरी में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं और अन्य मध्यस्थों को राष्ट्रीय सुरक्षा और हालात का हवाला देते हुए पाकिस्तान से आने वाली वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल सामग्री को दिखाना बंद करने का निर्देश दिया गया था।

विरोध का असर अन्य आयोजनों पर भी पड़ा है। बेंगलुरु में 28 नवंबर और 5 दिसंबर को होने वाली एक अन्य पाकिस्तानी ड्रामा सीरीज 'दर-ए-नजात' (Dar-e-Nijaat) की दो प्राइवेट स्क्रीनिंग सोशल मीडिया पर विरोध के बाद रद्द कर दी गई हैं। इनके निमंत्रण ऑनलाइन सामने आने के बाद चर्चा हुई थी, जिनमें से एक निमंत्रण में कथित तौर पर 'पाकिस्तानी पहनावे' को ड्रेस कोड बताया गया था। दरअसल, बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर आर. हितेंद्र ने कहा था कि पुलिस आयोजकों से संपर्क कर जानकारी जुटा रही है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करेगी, जिसके बाद दोनों कार्यक्रम रद्द कर दिए।

सीरीज के बारे में और भारत में रिलीज पर बैन

फरहत इश्तियाक के बेस्टसेलिंग उर्दू उपन्यास पर बेस्ड 'जो बचें हैं संग समेट लो' नेटफ्लिक्स की पहली उर्दू ओरिजिनल सीरीज बताई जा रही है। मोमिना दुरैद के निर्देशन और निर्माण में बनी इस सीरीज की कहानी छह आपस में जुड़ी प्रेम कहानियों पर आधारित है, जिसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, अहद रजा मीर, इकरा अजीज और सनम सईद शामिल हैं। सीरीज 4 दिसंबर को वैश्विक स्तर पर रिलीज होने वाली है, लेकिन नेटफ्लिक्स ने अभी तक ये स्पष्ट नहीं किया है कि भारत में दर्शक इसे देख पाएंगे या नहीं।

Updated on:
26 Nov 2026, 12:20 PM IST
Published on:
Also Read
View All