
Gauahar Khan On Zaid Darbar Elimination: रियलिटी शो 'अलायंस' अपने ग्रैंड फिनाले की ओर तेजी से बढ़ रहा है। जैसे-जैसे मुकाबला कठिन होता जा रहा है, वैसे-वैसे खिलाड़ियों के बीच रिश्ते, रणनीति और भरोसे की असली परीक्षा भी सामने आ रही है। हाल ही में प्रसारित हुए 'ट्रेटर्स टास्क' ने पूरे खेल का रुख बदल दिया। इस टास्क में जैद दरबार का सफर खत्म हो गया, जिसके बाद उनकी पत्नी और अभिनेत्री गौहर खान खुद को भावुक होने से नहीं रोक सकीं। शो के बाद उन्होंने जैद के खेल की खुलकर तारीफ की और कहा कि उनके लिए असली विजेता वही हैं।
जैद दरबार के शो से बाहर होने के बाद गौहर खान ने उनकी पूरी जर्नी पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल में सबसे आसान रास्ता खुद को बचाना होता है, लेकिन जैद ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने अपने वादे और रिश्तों को आखिरी तक निभाने की कोशिश की।
गौहर ने कहा कि अगर जैद किसी से वादा कर लेते हैं तो उसे निभाने की पूरी कोशिश करते हैं। उनके मुताबिक, ट्रेटर्स टास्क में भी जैद चाहें तो अपने साथी पर शक जताकर या किसी और पर आरोप लगाकर खुद को बचा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। यही बात उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
गौहर खान ने भावुक अंदाज में कहा कि जीत और हार से बढ़कर इंसान का चरित्र होता है। उन्होंने जैद के लिए कहा कि उन्होंने पूरे खेल में ईमानदारी दिखाई और किसी पर बेवजह आरोप नहीं लगाया। गौहर ने कहा कि उनके लिए जैद ही इस शो के असली विजेता हैं, क्योंकि उन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
उनकी भावुक प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई। फैंस ने गौहर और जैद की बॉन्डिंग की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों हमेशा मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देते हैं।
ग्रैंड फिनाले से पहले हुए ट्रेटर्स टास्क ने सभी खिलाड़ियों को चौंका दिया। इस टास्क में एक सीक्रेट ट्रेटर को बाकी खिलाड़ियों के बीच छिपाया गया था। नियम साफ था कि अगर ट्रेटर आखिरी तक पकड़ा नहीं गया तो उसे सीधे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा।
इस चुनौती में सोहेल खान, जैद दरबार, कुशाल टंडन, अरसलान गोनी, आगू स्टेनली, बाली और वंशज सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल थे। शुरुआत में अधिकांश खिलाड़ियों को शक बाली पर था, लेकिन अंत में खुलासा हुआ कि असली ट्रेटर कुशाल टंडन थे। उन्होंने पूरे टास्क में अपनी पहचान इतनी शानदार तरीके से छिपाई कि कोई भी उन पर शक नहीं कर पाया।