
Schengen Visa Rejection: यूरोप घूमने का सपना देखने वाले भारतीयों के लिए शेंगेन वीजा बेहद अहम होता है। इस वीजा के जरिए शेंगेन क्षेत्र में आने वाले यूरोपीय देशों की यात्रा की जा सकती है। हालांकि, मजबूत बैंक बैलेंस और अच्छी इनकम के बावजूद वीजा मिलना तय नहीं होता। हाल ही में भारतीय कंटेंट क्रिएटर गरिमा सिंह ने अपना शेंगेन वीजा रिजेक्ट होने का अनुभव शेयर किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए बताया कि आवेदन में उनसे ऐसी तीन गलतियां हुईं, जिनकी वजह से उनकी एप्लीकेशन खारिज हो गई। साथ ही उन्होंने दूसरे लोगों को इन गलतियों से बचने की सलाह दी है।
गरिमा सिंह के मुताबिक, उनकी वीजा एप्लीकेशन को लेकर अधिकारियों ने सबसे पहले उनकी यात्रा योजना पर सवाल उठाया। उन्हें बताया गया कि उनकी इटिनरेरी यानी यात्रा की पूरी योजना भरोसेमंद नहीं लगी। वीजा आवेदन में यात्रा की तारीख, किन जगहों पर जाना है और कितने समय तक कहां रुकना है, जैसी जानकारियां अहम होती हैं। ऐसे में अगर यात्रा का प्लान साफ या विश्वसनीय नहीं लगता है तो यह आवेदन के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।
दूसरी वजह गरिमा के ठहरने और यात्रा के उद्देश्य से जुड़ी थी। उनके अनुसार, अधिकारियों ने उनके पर्पज ऑफ स्टे को भी विश्वसनीय नहीं माना। गरिमा ने बाद में इस बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की। उन्हें समझ आया कि उनके होटल और रहने से जुड़े इंतजाम शायद पर्याप्त स्पष्ट या मजबूत नहीं लगे। यानी आवेदन में यह भरोसा पैदा नहीं हो पाया कि वह यूरोप क्यों जा रही हैं और वहां उनका ठहरना किस तरह व्यवस्थित है।
तीसरी वजह सुनने में छोटी लग सकती है, लेकिन इसी तरह की गलती वीजा आवेदन में बड़ी परेशानी बन सकती है। गरिमा ने बताया कि उनके एक दस्तावेज में उनके नाम की स्पेलिंग गलत दर्ज हो गई थी। उन्होंने इसके लिए अपने वीजा एजेंट को जिम्मेदार ठहराते हुए नाराजगी भी जाहिर की। उनका कहना था कि अगर एजेंट से भी ऐसी बुनियादी गलती होनी है तो फिर एजेंट रखने का फायदा ही क्या है।
वीडियो के साथ गरिमा ने कुछ और सावधानियां भी बताईं। उन्होंने कहा कि आवेदन में कई अलग-अलग प्रोफेशन दिखाने के बजाय अपनी एक मुख्य पेशेवर पहचान को स्पष्ट तरीके से बताना बेहतर है। इसके अलावा इनकम में अचानक बड़ी बढ़ोतरी दिखाई दे तो उसके पीछे उचित दस्तावेज और स्पष्टीकरण होना जरूरी है।
गरिमा ने ये भी साफ किया कि केवल बैंक खाते में ज्यादा पैसा होना या मजबूत ITR होना वीजा मिलने की गारंटी नहीं है। आवेदन की पूरी तस्वीर देखी जाती है। उन्होंने पहली बार शेंगेन क्षेत्र की यात्रा करने वालों को जरूरत से ज्यादा लंबी यात्रा की योजना बनाने से भी बचने की सलाह दी। उनका अनुभव उन लोगों के लिए एक सबक है जो यूरोप यात्रा के लिए शेंगेन वीजा की तैयारी कर रहे हैं। छोटी दस्तावेजी गलती से लेकर यात्रा के उद्देश्य और प्लानिंग तक, हर जानकारी को आवेदन जमा करने से पहले अच्छी तरह जांचना जरूरी है।