
Ramayan Movie: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' थिएटर में रिलीज हो चुकी है। फिल्म की रिलीज के बीच, इसमें भगवान राम की मां कौशल्या का किरदार निभा रही एक्ट्रेस इंदिरा कृष्णन ने सोशल मीडिया पर कुछ खास तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें उन्होंने फिल्म के पहले रीडिंग सेशन की यादें ताजा करते हुए रणबीर कपूर के 'एनिमल' से लेकर 'रामायण' तक के सफर और उनके जबरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन की जमकर तारीफ की है।
फिल्म में कौशल्या की रोल निभा रहीं इंदिरा कृष्णन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कास्ट के पहले रीडिंग सेशन की तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन पुरानी यादों को याद करते हुए उन्होंने रणबीर कपूर के अभिनय और उनके शांत स्वभाव की खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म 'एनिमल' में रणबीर के खूंखार और आक्रामक अंदाज को देखने के बाद, उन्हें भगवान राम के रूप में देखना एक अद्भुत अनुभव है। इंदिरा ने रणबीर के काम और उनके समर्पण को सलाम करते हुए उन्हें एक बेहतरीन इंसान बताया है।
फिल्म में माता सीता का किरदार निभा रही साई पल्लवी की तारीफ करते हुए इंदिरा ने कहा कि उनकी मासूमियत और आध्यात्मिक सोच ही उन्हें इस खास मुकाम पर लेकर आई है। उन्होंने यह भी माना कि इस महान प्रोजेक्ट के लिए उन सबका एक साथ आना महज एक इत्तेफाक नहीं था। इसके अलावा, उन्होंने चंडीगढ़ में शूटिंग के दौरान ख्याल रखने के लिए रवि दुबे की दरियादिली की तारीफ की और उन्हें 'स्वीटहार्ट' कहा। साथ ही, उन्होंने सेट पर रकुल प्रीत सिंह के विनम्र स्वभाव और 'शूर्पणखा' के रूप में उनके अभिनय की भी सराहना की।
इंदिरा कृष्णन ने निर्देशक नितेश तिवारी के साथ काम करने के अपने अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने एक किस्सा याद करते हुए बताया कि 'वनवास' सीक्वेंस से ठीक पहले उन्हें एक कठिन सीन शूट करना था, जिसे नितेश तिवारी के सटीक मार्गदर्शन और समझाने के तरीके की वजह से वो एक ही टेक में आसानी से पूरा कर पाईं। इसके अलावा, उन्होंने फिल्म के भव्य पैमाने का जिक्र करते हुए बताया कि इसकी शूटिंग के दौरान एक ऐसा सेटअप भी तैयार किया गया था जिसमें 80 से अधिक कैमरों का यूज किया गया था।
नमित मल्होत्रा के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' द्वारा डी और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर निर्मित 'रामायण: पार्ट 1' में सितारों की भरमार है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आ रहे हैं। ये फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में आई है, जिसे IMAX और अन्य प्रीमियम फॉर्मेट्स में दिखाया जा रहा है। भारत के बाहर इसका इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन सोनी पिक्चर्स के पास है, जबकि हिंदी बाजारों में इसे धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा डिस्ट्रीब्यूट किया जा रहा है। फिल्म का दूसरा भाग साल 2028 में रिलीज होगा।