
Sharad Kapoor Financial Condition: फिल्म 'जोश' में अपनी दमदार अदाकारी से पहचानी बनाने वाले एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपने हालिया वायरल वीडियो और सेहत को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उनके 4 पालतू कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजने और उनके वॉकर के सहारे चलने के वीडियो सामने आने के बाद फैंस की चिंता बढ़ गई थी और उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे थे। अब खुद एक्टर ने इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि उन्हें पैसों की कोई तंगी नहीं है, बल्कि वे सिर्फ अच्छे काम की तलाश में हैं।
एक्ट्रेस और एनिमल एक्टिविस्ट जया भट्टाचार्य द्वारा शेयर किए गए एक नए वीडियो में शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री और 'सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन' (CINTAA) से मदद और काम की अपील की है। बता दें, वीडियो में शरद कहते दिख रहे हैं कि वे काम की तलाश में हैं और उन्हें संगठन से मदद की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पैसों की कोई समस्या नहीं है, बस वे एक बेहतरीन एक्टर के रूप में फिर से अभिनय की दुनिया में वापसी करना चाहते हैं और उनके लिए थोड़ा-सा मोराल सपोर्ट भी बहुत मायने रखेगा।
बता दें, अपने स्वास्थ्य के बारे में बात करते हुए शरद ने बताया कि वे बार्सिलोना में फुटबॉल खेलने गए थे, जहां मैदान पर दूसरे खिलाड़ी से टक्कर होने के कारण उनके पैर में गंभीर चोट लग गई। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वे अगले 2 महीनों में पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगे। एक्टर ने उम्मीद जताई है कि वे जनवरी 2027 से दोबारा पूरी ऊर्जा के साथ शूटिंग के मैदान पर लौट सकेंगे।
शरद ने ये भी इच्छा जताई है कि वे नेटफ्लिक्स और जियो जैसी बड़ी OTT प्लेटफॉर्म्स की व्यापक पहुंच वाले प्रोजेक्ट्स में काम करना चाहते हैं। उनका ये वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर उनके प्रशंसक उनके जल्द ठीक होने और पर्दे पर वापसी की दुआ कर रहे हैं।