
Sharad Kapoor Pets Animal Welfare Center: बॉलीवुड फिल्म 'जोश' में विलेन के किरदार से फेमस हुए एक्टर शरद कपूर इन दिनों गंभीर शारीरिक परेशानी और मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे बिना सहारे के खड़े होने में भी असमर्थ दिख रहे हैं और चलने के लिए वॉकर का इस्तेमाल कर रहे हैं। खराब सेहत और चोट के कारण वे अपने 4 पालतू कुत्तों की देखभाल करने में असमर्थ हैं, जिसके चलते उन्हें अस्थायी रूप से एक एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजना पड़ा है।
मुंबई के 'बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट' की संस्थापक और शरद कपूर की दोस्त हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर ये वीडियो शेयर किए हैं। एक वीडियो में शरद के चारों कुत्ते कार में बैठे नजर आ रहे हैं, जिन्हें देखभाल के लिए वेलफेयर सेंटर ले जाया जा रहा है। हेमा ने बताया कि शरद अपने कुत्तों को खुद से दूर नहीं करना चाहते थे, लेकिन उनका परिवार इस वक्त कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।
वीडियो में अपनी चोट के बारे में जानकारी देते हुए शरद कपूर ने बताया कि फुटबॉल खेलते समय उनके पैर की हड्डी में थोड़ा क्रैक आ गया है। उन्होंने कहा कि वे अपनी मर्जी से अपने कुत्तों को हेमा को सौंप रहे हैं। अपने कुत्तों से दूर होने पर दुख जताते हुए शरद ने उम्मीद जताई कि 15 दिनों में जब वे अपने नए घर में शिफ्ट हो जाएंगे, तो वे अपने पालतू कुत्तों को वापस अपने पास ले आएंगे।
बता दें, एक अन्य वीडियो में हेमा चौधरी ने फैंस से अपील की है कि वे शरद कपूर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें। उन्होंने ये भी बताया कि शरद अपनी चोट से उबरकर जल्द ही फिल्मों में वापसी करना चाहते हैं। दरअसल, शरद कपूर ने साल 1994 में फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी, बंगाली सिनेमा और टेलीविजन में काम किया और 'जोश', 'त्रिशक्ति', 'क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता', 'जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी', 'वांटेड' तथा 'जय हो' जैसी चर्चित फिल्मों में नजर आए।