मनोरंजन

‘पहला भारतीय होना गर्व की बात’, करण जौहर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, कही दिल की बात

Karan Johar Earthshot Prize: करण जौहर मुंबई में अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स नाइट होस्ट करने वाले पहले भारतीय बनेंगे। जानें प्रिंस विलियम के इस समारोह और 17 नवंबर 2026 के कार्यक्रम से जुड़ी पूरी जानकारी।
2 min read
Sep 18, 2026
Karan Johar Earthshot Prize
प्रिंस विलियम के अर्थशॉट प्राइज में करण जौहर की एंट्री (सोर्स: x-@TribesBritannia)

Karan Johar Earthshot Prize: करण जौहर के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर करण जौहर मुंबई में होने वाली अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स नाइट को होस्ट करेंगे। इसके साथ ही वह इस सालाना समारोह की मेजबानी करने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। अर्थशॉट प्राइज को ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने शुरू किया है, जिसका मकसद पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान पर काम करने वाले लोगों और उनके इनोवेशन को बढ़ावा देना है।

करण जौहर ने इस जिम्मेदारी को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स नाइट को होस्ट करने वाला पहला भारतीय होना उनके लिए गर्व की बात है और मुंबई में इसकी मेजबानी करना इसे उनके लिए और खास बनाता है।

‘बेहतर दुनिया की कल्पना करने के साथ उसे बनाने की जरूरत’

करण जौहर ने कहा कि सिनेमा में लोग नई दुनिया की कल्पना करते हैं, जबकि अर्थशॉट प्राइज से सम्मानित किए जाने वाले इनोवेटर्स यह दिखा रहे हैं कि बेहतर दुनिया बनाई कैसे जा सकती है। उनके मुताबिक, प्रिंस विलियम का विजन इसलिए खास है क्योंकि यह लोगों को सिर्फ उम्मीद नहीं देता, बल्कि ऐसे आइडिया भी सामने लाता है जिन पर काम किया जा सकता है।

करण ने यह भी कहा कि भारत में उस भविष्य का अहम हिस्सा बनने के लिए क्रिएटिविटी और महत्वाकांक्षा दोनों मौजूद हैं। मुंबई में दुनिया का स्वागत करने और इन इनोवेटर्स को पहचान दिलाने में भूमिका निभाना उनके लिए गर्व की बात है।

टीवी और स्ट्रीमिंग में भी कर चुके हैं होस्टिंग

करण जौहर को फिल्ममेकर और प्रोड्यूसर के तौर पर तो जाना ही जाता है, लेकिन टीवी और स्ट्रीमिंग की दुनिया में भी वह होस्ट के तौर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। वह लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ की मेजबानी कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘द ट्रेटर्स’ के भारतीय अडैप्टेशन को भी होस्ट किया है। अर्थशॉट प्राइज की अवॉर्ड्स नाइट में उनकी होस्टिंग उनके इसी अनुभव का एक और बड़ा हिस्सा होगी।

प्रिंस विलियम ने 15 फाइनलिस्ट को लेकर क्या कहा?

अर्थशॉट प्राइज के संस्थापक और अध्यक्ष प्रिंस विलियम ने इस साल के 15 फाइनलिस्ट का स्वागत करते हुए कहा कि ये लोग उन्हें हर साल नई उम्मीद देते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियां बेहद गंभीर हैं, लेकिन दुनिया भर में कई लोग पहले से ऐसे समाधान तैयार कर रहे हैं, जो यह दिखाते हैं कि बदलाव संभव है।

प्रिंस विलियम के मुताबिक, जब कोई समाधान काम करता हुआ नजर आता है तो इससे दूसरों को भी आगे बढ़कर काम करने का भरोसा मिलता है। सफल समाधान दूसरे लोगों को प्रेरित करने के साथ बदलाव की रफ्तार बढ़ाने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि वह नवंबर में मुंबई में इन फाइनलिस्ट की कहानियों का जश्न मनाने का इंतजार कर रहे हैं।

17 नवंबर को होगी अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स नाइट

अर्थशॉट प्राइज समिट में दुनिया के ग्लोबल लीडर्स, इनोवेटर्स, फंडर्स, बिजनेस और कम्युनिटी से जुड़े लोग शामिल होंगे। इसका मकसद पर्यावरण से जुड़े समाधानों के लिए नए कनेक्शन और समर्थन तैयार करना है। यह कार्यक्रम 17 नवंबर 2026 को मुंबई में होने वाली छठी अर्थशॉट प्राइज अवॉर्ड्स नाइट के साथ खत्म होगा। इस समारोह की मेजबानी करण जौहर करेंगे।

Updated on:
18 Sept 2026 07:05 pm
Published on:
18 Sept 2026 07:03 pm