
Vicky Kaushal Support Katrina: बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बीच बेहतरीन तालमेल बिठा रही हैं। मां बनने के बाद और अपने ब्यूटी ब्रांड 'के ब्यूटी' (Kay Beauty) को बुलंदियों पर पहुंचाने की दौड़ में जुटीं कैटरीना ने खुलासा किया है कि इस भागदौड़ भरी जिंदगी में उनके पति विक्की कौशल उनके सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम हैं। जब भी वो काम के तनाव या एंग्जायटी से गुजरती हैं, विक्की उनकी घबराहट को शांत करते हैं।
हाल ही में नायका की को-फाउंडर अद्वैता नायर के साथ बातचीत के दौरान कैटरीना ने अपने मां बनने के सफर पर खुलकर बात की। जिसमें उन्होंने बताया कि अपने बिजनेस के प्रति जुनूनी होने के कारण वो अक्सर वीकेंड पर भी काम के बारे में सोचती रहती हैं और घंटों का हिसाब नहीं रखतीं। ऐसे में उनके पति विक्की ही उन्हें बार-बार फोन नीचे रखने और काम से ब्रेक लेने की याद दिलाते हैं। कैटरीना ने बताया कि अत्यधिक दबाव और तनाव के मोमेंट्स में विक्की आगे आकर उन्हें संभालते हैं और मानसिक रूप से शांत करते हैं।
दिसंबर 2021 में शादी के बंधन में बंधे कैटरीना और विक्की के घर 7 नवंबर 2025 को उनके पहले बेटे विहान का जन्म हुआ है। मां बनने और एक सफल बिजनेसवुमन होने की दोहरी जिम्मेदारियों पर बात करते हुए कैटरीना ने माना कि हर समय सब कुछ परफेक्ट संभालना मुमकिन नहीं होता। उन्होंने सलाह दी कि महिलाओं को खुद के प्रति थोड़ा उदार होना चाहिए और इन बदलती भूमिकाओं में खुद को ढलने के लिए पर्याप्त समय और स्पेस देना चाहिए।
इससे पहले 'वोग इंडिया' को दिए इंटरव्यू में कैटरीना ने मां बनने के बाद शरीर में आए बदलावों पर खुलकर बात की थी। उन्होंने साफ किया था कि प्रेगनेंसी से पहले वाले शरीर में वापस लौटने के किसी भी सामाजिक दबाव को वो नहीं मानतीं, क्योंकि मां बनना उनके जीवन का सबसे खूबसूरत और अहम फैसला था।