
Maniesh Paul Interview: कैटरीना कैफ जब बॉलीवुड में अपनी पहचान बना रही थीं, उस दौर में उनकी हिंदी को लेकर अक्सर मजाक किया जाता था। कई इवेंट्स और रियलिटी शोज में उनसे हिंदी के शब्द बुलवाकर हंसी-मजाक किया जाता था, लेकिन होस्ट मनीष पॉल ने अपने कार्यक्रमों में ऐसा करने से इनकार कर दिया। अब उन्होंने बताया है कि वह कैटरीना को जानबूझकर ऐसी स्थिति में नहीं डालना चाहते थे, जहां उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो। मनीष के मुताबिक, यही वजह थी कि कैटरीना उनके साथ सहज महसूस करती थीं और दोनों के बीच दोस्ती हो गई।
हाल ही में जूम को दिए इंटरव्यू में मनीष पॉल ने कैटरीना कैफ के साथ अपने पुराने अनुभव साझा किए। उन्होंने फिल्म ‘तीस मार खान’ में कैटरीना और अक्षय कुमार के साथ काम करने का भी जिक्र किया।
मनीष ने बताया कि जब वह अवॉर्ड शो और दूसरे बड़े कार्यक्रम होस्ट करते थे, तब कैटरीना अक्सर उनमें शामिल होती थीं। उस समय कैटरीना उनके साथ काफी सहज रहती थीं। मनीष के मुताबिक, इसकी एक बड़ी वजह यह थी कि उन्होंने कभी कैटरीना की हिंदी को मजाक का विषय नहीं बनाया। मुझे लगता था कि यह बहुत बोरिंग कॉन्सेप्ट है। उन्हें हिंदी नहीं आती, इसलिए उनसे ज्यादा मत बोलो या ‘यह बोलकर दिखाओ’ जैसी बातें कहकर उन्हें शर्मिंदा मत करो।
मनीष ने बताया कि उस दौर में टीवी चैनल भी होस्ट से ऐसे मजाक करने के लिए कहते थे। हालांकि, वह इन सुझावों को मानने के बजाय अपने तरीके से दर्शकों का मनोरंजन करना पसंद करते थे। दरअसल, मनीष पॉल ने आगे बताया, “कई बार चैनल हमसे यह सब करने के लिए कहते थे, लेकिन मैं हमेशा मना कर देता था। मैं कहता था कि आपको मनोरंजन चाहिए, आपको तीन मिनट की हंसी चाहिए, तो मैं अपने अंदाज में कर दूंगा।” मनीष का मानना है कि दर्शकों को हंसाने के लिए किसी का मजाक उड़ाना या उसे असहज महसूस कराना जरूरी नहीं है। वह अपने कार्यक्रमों में मनोरंजन के लिए दूसरे तरीके अपनाते थे, ताकि किसी सेलिब्रिटी को शर्मिंदगी का सामना न करना पड़े।
इंटरव्यू में मनीष ने यह भी बताया कि वह सेलिब्रिटीज की निजी जिंदगी को लेकर मजाक करने के मामले में एक सीमा तय रखते हैं। उनके मुताबिक, कई बार उन्हें किसी एक्ट्रेस के एक्स-पार्टनर की मौजूदगी में उसके ब्रेकअप या पुराने रिश्ते का जिक्र करने जैसे सुझाव दिए जाते थे।
हालांकि, मनीष ने ऐसे सुझावों को अपने कार्यक्रम का हिस्सा बनाने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता दर्शकों का मनोरंजन करना है, न कि किसी की निजी जिंदगी को मजाक का विषय बनाना।
कैटरीना के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए मनीष ने बताया कि फिल्म ‘तीस मार खान’ में उनके साथ काम करना उनके लिए खास अनुभव था। फिल्म में अक्षय कुमार भी थे।
मनीष ने याद किया कि उन दिनों कैटरीना से बातचीत करने और उनका इंटरव्यू लेने को लेकर भी होस्ट के बीच उत्साह रहता था। अब कैटरीना उनकी दोस्त हैं और वह उन्हें बेहद अच्छा इंसान मानते हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो मनीष पॉल हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के साथ फिल्म ‘द ववान-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में नजर आए थे। फिल्म में श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी शामिल थे।