
मिस्टर फैजू की शादी की तस्वीरैं आई सामने (Photo Source- Instagram/mr_faisu_07)
Mr. Faisu wedding: फेमस कंटेंट क्रिएटर, अभिनेता और रियलिटी शो स्टार मिस्टर फैसू (Mr. Faisu) यानी फैसल शेख आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए हैं। पिछले कुछ हफ्तों से सोशल मीडिया पर फैसू की शादी को लेकर तमाम तरह की खबरें चल रही थीं। इंटरनेट पर एक शादी का कार्ड भी तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया जा रहा था कि फैसल 'तान्या' नाम की लड़की से निकाह करने वाले हैं। इन तमाम चर्चाओं पर विराम लगाते हुए शनिवार को खुद फैसू ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से फैंस को खुशखबरी दी है कि उन्होंने शादी कर ली है। खास बात यह है कि उनका निकाह सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना में हुआ है।
फैसल शेख ने अपनी शादी की कई खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। तस्वीरों में फैसू दूल्हे के लिबास में बेहद हैंडसम नजर आ रहे हैं, हालांकि उनकी दुल्हन का चेहरा अभी सामने नहीं आया है। तस्वीरें शेयर करते हुए फैसू ने कुरान की आयत का हवाला देते हुए लिखा, "और हमने तुम्हें जोड़ों में बनाया' 🤍 | कुरान 78:8। अल्लहमदुिलल्लाह, एक सपना सच हो गया। मदीना के खूबसूरत शहर में, मेरे पूरे परिवार की मौजूदगी में निकाह संपन्न हुआ। यह एक ऐसी खुशी है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।"
मिस्टर फैजू ने आगे अपने फैंस और शुभचिंतकों से अपील करते हुए लिखा कि वह इस नए सफर की शुरुआत के लिए उन्हें अपनी दुआओं में याद रखें। फैसू ने दुआ मांगी कि अल्लाह उनकी शादी को ढेर सारे प्यार और बरकत से नवाजे।
फैसू के निकाह की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है। कई बड़ी हस्तियों और फैंस ने उनकी पोस्ट पर कमेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। 'लॉक अप' की विनर श्रेया कालरा ने कमेंट करते हुए लिखा, "मुबारक हो।" वहीं, अभिनेत्री आयशा खान ने भी उन्हें बधाई दी। इसके अलावा हजारों फैंस ने कमेंट सेक्शन में लिखा कि वे अपने चहेते स्टार को दूल्हा बने देखकर बेहद खुश हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
गौरतलब है कि फैसल शेख उर्फ मिस्टर फैसू ने लॉकडाउन के दौरान टिकटॉक वीडियो के जरिए जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। उन्होंने भारत के टॉप डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स में अपनी जगह बनाई। इंस्टाग्राम पर उनके 33.5 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। डिजिटल दुनिया में सफलता हासिल करने के बाद फैसू ने 'खतरों के खिलाड़ी', 'झलक दिखला जा 10' और 'द 50' जैसे बड़े टेलीविजन रियलिटी शो में भी अपने हुनर का जलवा बिखेरा है।
Updated on:
10 Oct 2026 03:34 pm
Published on:
10 Oct 2026 03:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
