
तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर के निधन पर किए पोस्ट (Photo Source- Instagram/iamtanushreeduttaofficial)
Tanushree Dutta Post after Nana Patekar Death: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर (Nana Patekar) ने 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। उन्हें बुधवार रात गोवा में कार्डियक अरेस्ट आया था लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस खबर ने उनके परिवार को तोड़कर रख दिया है वहीं, पूरा देश और फिल्म जगत उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहा है। इसी बीच साल 2018 के #MeToo आंदोलन में नाना पाटेकर पर गंभीर आरोप लगाने वाली पूर्व अभिनेत्री तनुश्री दत्ता (Tanushree Dutta) के सोशल मीडिया पोस्ट्स ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने एक के बाद एक कई पोस्ट किए हैं।
नाना पाटेकर के निधन के बाद तनुश्री दत्ता ने पहले उन्हें ईविल डेड कहा था फिर परिवार के प्रति संवेदना जताई थीं। जिसके बाद पूरे सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना हो रही है। अब इसी बीच तनुश्री ने एक के बाद एक कई इंस्टाग्राम स्टोरीज शेयर की हैं, जिनमें उन्होंने नाम लिए बिना दिवंगत अभिनेता और अपने पुराने विवाद पर बेहद तीखे तंज कसे हैं।
तनुश्री दत्ता ने अपनी पहली इंस्टाग्राम स्टोरी में मौत के बाद व्यक्ति की छवि पर सवाल उठाते हुए लिखा, "क्या मरने के बाद कोई व्यक्ति अब्यूजर (शोषण करने वाला) नहीं रह जाता? क्या उनके द्वारा पहुंचाया गया नुकसान भी खत्म हो जाता है? जो लोग इस शोषण और उत्पीड़न से गुजरे हैं, उनके लिए ऐसा बिल्कुल नहीं होता।"
इसके तुरंत बाद तनुश्री ने अपनी दूसरी और तीसरी इंस्टाग्राम स्टोरी में ईश्वर के न्याय और अपने खिलाफ साजिश रचने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "एक सच ये भी है, आखिरी बाजी भगवान के हाथों में ही होती है।" तीसरी स्टोरी में और अधिक आक्रामक रुख अपनाते हुए उन्होंने लिखा, "जिन्होंने मेरी फील्डिंग सेट की थी… सुना है भगवान याद आ रहे हैं तुमको… थोड़ा इंतजार करो… "कुल देवता" भी याद आएंगे..!!"
अपनी चौथी स्टोरी में तनुश्री ने इस पूरे घटनाक्रम को अपनी जिंदगी का एक बड़ा मोड़ बताते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, "यह तो कमाल है! आज मेरी कहानी की टाइमलाइन में जबरदस्त हलचल मची है। ईविल डेड (Evil is Dead) और उम्मीद है कि मेरी जिंदगी अब बेहतर चीजों की ओर बढ़ रही है!"
तनुश्री दत्ता के ये एक के बाद एक आए तीखे पोस्ट्स अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जहां कुछ लोग उनके पुराने दर्द को समझते हुए समर्थन कर रहे हैं, वहीं कई यूजर्स दिवंगत अभिनेता के निधन के समय ऐसी बयानबाजी को अनुचित बता रहे हैं।
बता दें, गुरुवार 8 अक्टूबर तड़के गोवा स्थित आवास पर अचानक सीने में दर्द के बाद नाना पाटेकर बेहोश हो गए थे। जिसके बाद उन्हें मणिपाल अस्पताल लेकर जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने लगातार 45 मिनट तक सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सुबह 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
Updated on:
09 Oct 2026 10:20 am
Published on:
09 Oct 2026 09:42 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
