
Monica Gill-Brian Sharma Wedding: पंजाबी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल मोनिका गिल ने ब्रायन शर्मा के साथ पारंपरिक सिख रीति-रिवाजों से शादी कर ली है। ‘अंबरसरिया’ और ‘सत श्री अकाल इंग्लैंड’ जैसी फिल्मों के लिए पहचानी जाने वाली मोनिका ने अपनी शादी की रस्मों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। खास बात यह है कि अभिनेत्री और ब्रायन शर्मा करीब एक महीने पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुके थे। अब दोनों ने परिवार और करीबियों की मौजूदगी में पारंपरिक तरीके से शादी की है।
मोनिका गिल ने शादी के जश्न को सोशल मीडिया पर एक अलग अंदाज में पेश किया। उन्होंने समारोह की झलकियों को डिजिटल पेंटिंग स्टाइल की तस्वीरों के जरिए साझा किया और पूरी शादी को एक काल्पनिक ‘स्पाई मिशन’ की तरह दिखाया। इसके लिए उन्होंने 'मिशन शर्मा 2026' हैशटैग का इस्तेमाल किया।
एक पोस्ट में उन्होंने मिशन की शुरुआत का ऐलान करते हुए शादी के जश्न को आगे बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग रस्मों से जुड़ी तस्वीरें साझा कीं। सगाई की रस्म को भी उन्होंने इसी मजेदार थीम के साथ पेश किया। उनकी पोस्ट पर फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने बधाइयां दीं। कुछ लोगों ने उन्हें नए परिवार में स्वागत भी किया।
मोनिका गिल ने इसी साल 29 अगस्त को ब्रायन शर्मा के साथ अपनी शादी की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी थी। दोनों ने न्यूयॉर्क में कानूनी तौर पर शादी की थी। इस दौरान परिवार और करीबी लोग मौजूद रहे थे।
कोर्ट मैरिज के बाद मोनिका ने ब्रायन के साथ एक तस्वीर भी शेयर की थी। तस्वीर के साथ उन्होंने ‘Mr & Mrs Sharma’ लिखा था। उस मौके पर अभिनेत्री पारंपरिक लाल पंजाबी सूट में नजर आई थीं, जबकि ब्रायन शर्मा ने फॉर्मल पोशाक पहनी थी।
मोनिका गिल भारतीय-अमेरिकी अभिनेत्री और मॉडल हैं, जिन्होंने पंजाबी और हिंदी फिल्मों में काम किया है। उन्हें खास तौर पर पंजाबी सिनेमा में उनके काम के लिए जाना जाता है। वह दिलजीत दोसांझ के साथ ‘अंबरसरिया’ और ‘सरदार जी 2’ में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने एमी विर्क के साथ ‘सत श्री अकाल इंग्लैंड’ में भी काम किया है। साल 2018 में वह हिंदी फिल्म ‘पलटन’ में हरजोत कौर के किरदार में दिखाई दी थीं।
मोनिका ने इसके बाद भी पंजाबी फिल्मों में काम जारी रखा। साल 2019 में रिलीज हुई ‘यारा वे’ में उन्होंने नसीबो का किरदार निभाया था। वह ‘पंज खाब’ में भी नजर आईं। इसके अलावा 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘उच्चा दर बाबे नानक दा’ का भी वो हिस्सा रही हैं। अब ब्रायन शर्मा के साथ पारंपरिक शादी के बाद मोनिका ने अपनी जिंदगी के इस नए अध्याय की तस्वीरें फैंस के साथ साझा की हैं।