मनोरंजन

नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी सीरीज का ट्रेलर देख बंटे दर्शक, फवाद-सनम की जोड़ी पर फिदा हुए कुछ फैंस तो कुछ भड़के!

Fawad Khan Mahira Khan Netflix Series Ban: नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। एक तरफ दर्शक फवाद खान की तारीफ कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ भारत में बैन की मांग उठ रही है।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:51 PM IST
Jo Bachay Hain Sang Samait Lo
विवादों में घिरी फवाद और माहिरा खान की नई सीरीज (सोर्स: x-@t2telegraph)

Jo Bachay Hain Sang Samait Lo Trailer: नेटफ्लिक्स (Netflix) की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' अपनी घोषणा के बाद से ही लगातार चर्चा में है। मंगलवार को मेकर्स ने इस मल्टी-स्टारर सीरीज का ट्रेलर जारी किया, जिसमें अलग-अलग दौर की कहानी और फवाद खान का डबल रोल देखने को मिला। हालांकि, एक तरफ जहां सोशल मीडिया पर फवाद खान, सनम सईद और माहिरा खान जैसे कलाकारों की झलक देख दर्शक उत्साहित हैं, वहीं दूसरी ओर 'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत में इस सीरीज पर बैन लगाने की मांग की है।

ट्रेलर देख सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

मंगलवार को जारी हुए ट्रेलर में सीरीज के सभी प्रमुख कलाकारों को प्रभावी स्क्रीन स्पेस मिलता दिखाई दिया है। ट्रेलर सामने आने के बाद X पर यूजर्स दो धड़ों में बंटे नजर आए।

एक यूजर ने फवाद खान और सनम सईद की जोड़ी की तारीफ करते हुए लिखा कि सभी कलाकार शानदार लग रहे हैं, लेकिन सनम और फवाद की केमिस्ट्री कमाल की है और वह इस शो को लेकर काफी उत्साहित हैं। वहीं, एक अन्य यूजर ने सीरीज में कुछ सांस्कृतिक त्रुटियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि अभी कुछ भी तय करना जल्दबाजी होगी, हालांकि वो सिर्फ इसी सीरीज को देखने के लिए फिर से नेटफ्लिक्स मेना (NetflixMENA) का सब्सक्रिप्शन लेंगे। इसके अलावा, एक यूजर का मानना था कि पाकिस्तान का शो 'मिट्टी दे बवाये' नेटफ्लिक्स पर आने का ज्यादा हकदार था।

बड़ी स्टारकास्ट और भारत में रिलीज पर सस्पेंस

इस सीरीज में पाकिस्तानी मनोरंजन जगत के कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ और खुशहाल खान प्रमुख हैं।

'जो बचे हैं संग समेट लो' 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। फिलहाल, भारत में नेटफ्लिक्स प्लेटफॉर्म पर इसे 'ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी' (All The Love Our Hearts Carry) अंग्रेजी शीर्षक के साथ लिस्ट किया गया है। अब यह देखना बाकी है कि सिनेमा संगठन की अपील के बाद इस सीरीज की भारत में स्ट्रीमिंग हो पाती है या नहीं।

Updated on:
25 Nov 2026, 12:51 PM IST
Published on: