
Pakistani Drama Dar E Najat Viral Video: भारत में पाकिस्तानी फिल्मों और टीवी शो पर बैन होने के बावजूद, राजधानी दिल्ली के एक कैफे में पाकिस्तानी ड्रामा 'दर-ए-नजात' (Dar-e-Najat) की स्क्रीनिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और नंबर-1 बना हुआ है। शहरयार मुनव्वर, दुरेफिशां सलीम और नमीर नवाज खान अभिनीत ये शो पाकिस्तान के एआरवाई डिजिटल (ARY Digital) पर स्ट्रीम हुआ था और फिलहाल यूट्यूब पर उपलब्ध है। X पर इस स्क्रीनिंग का वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स दो धड़ों में बंट गए हैं और इस पर तीखी बहस छिड़ गई है।
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कला और राजनीति को अलग रखने की बात कही, तो कई लोगों ने इस आयोजन की कड़ी आलोचना की। एक यूजर ने लिखा कि भारतीय दर्शक पाकिस्तानी सरकार या राज्य से दूरी बनाए रखते हुए भी उर्दू शायरी और पाकिस्तानी डेली सोप का आनंद ले सकते हैं।
दूसरी ओर, कुछ यूजर्स ने इस स्क्रीनिंग पर नाराजगी जताई। एक यूजर ने सवाल किया कि दिल्ली में इस तरह के शो की स्क्रीनिंग करने का विचार किसका था। वहीं, एक अन्य यूजर ने इस प्रभाव को सकारात्मक मानते हुए ये भी लिखा कि दूसरों को प्रभावित करने से ज्यादा जरूरी ये है कि अपने दर्शकों को बेहतरीन नाटकों से जोड़े रखा जाए, ताकि वे टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के कमजोर कंटेंट से बच सकें।
'दर-ए-नजात' में शहरयार मुनव्वर, दुरेफिशां सलीम और नमीर नवाज खान के अलावा सहर हाशमी, रोमाइसा खान, सानिया सईद, सबा हमीद, फरान ताहिर और नादिया अफगान जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। एआरवाई डिजिटल ने पिछले महीने जानकारी दी थी कि 23 एपिसोड प्रसारित होने के बाद इस शो को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 1.7 बिलियन (170 करोड़) व्यूज मिल चुके हैं।
इस बीच, पाकिस्तान का आगामी नेटफ्लिक्स शो 'जो बच्चे हैं संग समेट लो' भी सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है। इस मल्टी-स्टारर प्रोजेक्ट में फवाद खान, माहिरा खान, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, सनम सईद, हानिया आमिर, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ और खुशहाल खान जैसे बड़े नाम शामिल हैं। भारतीय दर्शक इस बात को लेकर उत्सुक हैं कि क्या ये सीरीज भारत में स्ट्रीम होगी। फिलहाल, इस शो को भारत में नेटफ्लिक्स प्लेटफॉर्म पर लिस्ट कर दिया गया है।