
Dar-e-Nijaat Drama: पाकिस्तानी टीवी ड्रामा ‘दर-ए-नजात’ अपनी कहानी और उसमें दिखाए गए किरदारों की सोच को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस से चर्चा में है। बता दें, जहां एक ओर भारत के कई शहरों में इस शो की प्राइवेट स्क्रीनिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इंटरनेट पर महिलाओं का एक बड़ा वर्ग इसे महिला-विरोधी और पितृसत्तात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला बताकर आलोचना कर रहा है।
सोशल मीडिया पर कई महिला यूजर्स ने शो के कंटेंट पर नाराजगी जाहिर की है। एक यूजर ने इसे पितृसत्ता का चरम रूप बताते हुए दर्शकों की समझ पर सवाल उठाया, जबकि एक अन्य यूजर ने शो के मुख्य किरदार अबू बकर का जिक्र करते हुए इसे ब्रेनवॉशिंग तक कह दिया।
साथ ही, कई दर्शकों ने शो में स्लीवलेस टॉप को लेकर दिखाए गए ड्रामे पर भी आपत्ति जताई और कहा कि इतना महिला-विरोधी शो लोगों को कैसे पसंद आ सकता है। कुछ दर्शकों ने ये भी माना कि वे केवल कपल की वजह से शो में दिखाई जा रही पितृसत्तात्मक सोच को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें, शो के सपोर्ट में भी आवाजें उठी हैं। एक वर्ग का मानना है कि शो की आलोचना करने वाले लोग मुस्लिम संस्कृति और शिक्षाओं के खिलाफ गलत नैरेटिव गढ़ रहे हैं। उनके अनुसार, पति द्वारा पत्नी को फुल स्लीव्स पहनने के लिए मजबूर करने जैसी बातें कहानी को तोड़-मरोड़कर पेश करने का नतीजा हैं।
इतना ही नहींं, विवादों के बीच इस पाकिस्तानी ड्रामा की लोकप्रियता भारत के कई शहरों तक पहुंची है, जहां फैंस एक साथ बैठकर शो देखने के लिए खास कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। दिल्ली में 21 नवंबर को ‘कैफे ओटेंगा’ में ‘वॉक विद हमजा, ऐशल एंड फादिया’ की ओर से ऐसी ही एक ‘वॉच पार्टी’ रखी गई थी।
इस स्क्रीनिंग में शामिल हुईं सोशल मीडिया यूजर आस्था सिंह ने बताया कि इंस्टाग्राम पर इस इवेंट को उम्मीद से कहीं ज्यादा लोकप्रियता मिली और इस दौरान दर्शकों को शो के निर्देशक से बातचीत करने का मौका भी मिला। आस्था के मुताबिक, शो की कहानी, डायलॉग और गाने लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं और कला की कोई सीमा या राष्ट्रीयता नहीं होती।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने वाला ये शो 1 अगस्त को शुरू हुआ था और इसके नए एपिसोड हर शुक्रवार और शनिवार रात 8 बजे दिखाए जाते हैं। बता दें, ड्रामा में दुरेफिशां सलीम ने ‘जरयाब’ का किरदार निभाया है, जिसका दिल तब टूट जाता है जब उसका प्रेमी जामील (नमीर खान) उसे धोखा देता है। इसके बाद जरयाब नेक और धार्मिक स्वभाव के अबू बकर (शहरयार मुनव्वर) के साथ जीवन की नई शुरुआत करने की कोशिश करती है, लेकिन अतीत के फैसले और पारिवारिक उलझनें फिर से उसके सामने आ खड़ी होती हैं।