मनोरंजन

28 साल की पाकिस्तानी TikTok स्टार आयशा गिलानी पर हमले के बाद का CCTV फुटेज आया सामने, भागते दिखे दो बाइक सवार

Ayesha Gilani Murder News: पाकिस्तान की मशहूर टिकटॉकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हमले के बाद सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है।
2 min read
Aug 17, 2026
Ayesha Gilani Murder News
आयशा गिलानी (फोटो सोर्स- Instagram/ayeshagilanitaylor)

Ayesha Gilani Murder News: पाकिस्तान की मशहूर टिक टॉकर आयशा गिलानी उर्फ शम्सू बीबी की महज 28 साल की उम्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोशल मीडिया पर करीब 13 लाख फॉलोअर्स रखने वाली आयशा को कथित तौर पर फोन करके घर से बाहर बुलाया गया था। इसके कुछ ही देर बाद बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाया। वारदात में आयशा की मौत हो गई, जबकि उनकी 15 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

कौन थीं आयशा गिलानी?

पाकिस्तान की सोशल मीडिया दुनिया में आयशा गिलानी एक जाना-पहचाना नाम थीं। उनका वास्तविक नाम शम्सू बीबी बताया जा रहा है। टिकटॉक पर उनके करीब 1.3 मिलियन यानी 13 लाख फॉलोअर्स थे। सोशल मीडिया वीडियो और अपनी ऑनलाइन लोकप्रियता के चलते उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों के बीच पहचान बनाई थी। लेकिन 14 अगस्त को टैक्सिला में हुई एक वारदात ने उनकी जिंदगी खत्म कर दी।

फोन आने के बाद घर से निकली थीं आयशा

परिवार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, घटना से पहले आयशा को कथित तौर पर काशिफ उर्फ ‘काशी’ नाम के व्यक्ति का फोन आया था। आरोप है कि फोन करने वाले ने उन्हें तुरंत घर से बाहर आने के लिए कहा। इसके बाद आयशा अपनी छोटी बहन असीमा और भाई नईमतुल्लाह के साथ कार से निकलीं।

घर से निकलने के कुछ समय बाद ही परिवार को आयशा पर हमला होने की जानकारी मिली। उनके पिता फजल साहिबजादा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी के शव की पहचान की।

पेट्रोल पंप के पास बाइक से आए हमलावर

परिवार की शिकायत के अनुसार, पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। बताया गया कि दोनों संदिग्धों की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच हो सकती है। फायरिंग के दौरान एक गोली आयशा की गर्दन में लगी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अचानक हुई गोलीबारी से कार चला रहे ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ गया। इसके बाद वाहन दूसरी कार से टकरा गया। इस हादसे में आयशा की 15 वर्षीय बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध

वारदात के बाद सामने आई कथित सीसीटीवी फुटेज पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गई है। फुटेज में दो संदिग्धों के मोटरसाइकिल से घटनास्थल से निकलने की बात सामने आई है। पुलिस अब फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है।

क्या आयशा को पहले से मिल रही थीं धमकियां?

मामले में एक और अहम पहलू कथित आर्थिक विवाद से जुड़ा है। आयशा के पिता ने शिकायत में कौसर और जावेद उर्फ ‘शाहीन’ नाम के लोगों का भी जिक्र किया है। आरोप है कि पैसों से जुड़े विवाद के चलते आयशा को धमकियां दी गई थीं। परिवार का दावा है कि इस संबंध में पहले इस्लामाबाद में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

परिवार ने नामजद लोगों के साथ-साथ अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आयशा के भाई नईमतुल्लाह ने कथित तौर पर हमलावरों को पहचानने में मदद करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और हत्या के पीछे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Updated on:
17 Aug 2026 05:01 pm
Published on:
17 Aug 2026 05:00 pm
Also Read
View All
‘ईद पर उन्हें चिकन बिरयानी खिलाते थे’, मुस्लिम मॉडल रिदा थराना ने सुनाया बचपन का किस्सा, बोलीं- हमारे सामने हिंदू पड़ोसी रहते थे

TV की ‘बहू’ से BJP की महामंत्री तक, स्मृति ईरानी ने ऐसे बदली अपनी पहचान, एक्टिंग में भी की वापसी

हेमा मालिनी ने सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ का किया रिव्यू, बोलीं- नफरत फैलाने से ज्यादा जरूरी है इंसानियत

‘सत श्री अकाल भाभी’, बोटिंग कर रहे थे फेमस यूट्यूबर सौरव जोशी-अवंतिका, तभी पास पहुंचा ग्रुप, पत्नी के रिएक्शन ने छेड़ दी नई बहस

सुनीता आहूजा से झगड़े के बीच पटाया क्लब में गोविंदा ने लगाए ठुमके, फैंस बोले- ‘पान मसाला ऐड से तो बेहतर है’