
Panchayat Season 5 Banrakas Promo: फेमस वेब सीरीज 'पंचायत' के 5वें सीजन को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। प्राइम वीडियो (Prime Video) ने 'पंचायत 5' का ट्रेलर रिलीज करने से ठीक एक दिन पहले एक नया प्रमोशनल वीडियो जारी किया है, जिसमें फुलेरा गांव में हुए बड़े सत्ता परिवर्तन की झलक दिखाई गई है। इस बार गांव की कमान नए प्रशासन के हाथों में है और बनराकस (दुर्गेश कुमार) अपने अंदाज में ऐलान करते नजर आ रहे हैं, "अब शुरू होगा हमारा राज!"
प्राइम वीडियो के जरिए जारी नए वीडियो में बनराकस एक बदले हुए और आधुनिक नजर आने वाले फुलेरा में घूमते दिखाई दे रहे हैं। ये झलक गांव के विकास को लेकर तैयार किए गए एक नए ब्लूप्रिंट की ओर इशारा करती है। हालांकि, फुलेरा के लिए बनराकस के इस विजन के पीछे असल में क्या योजना है, इसका खुलासा कल यानी सोमवार, 23 नवंबर को 'पंचायत' सीजन 5 का ट्रेलर रिलीज होने के साथ होगा।
बता दें, 'पंचायत' का पांचवां सीजन चौथे सीजन के घटनाक्रमों को आगे बढ़ाएगा, जहां गांव के चुनावों के बाद सत्ता बदल चुकी है। अब मंजू देवी (नीना गुप्ता) की जगह क्रांति देवी (सुनीता राजवार) फुलेरा की नई प्रधान बन गई हैं। साथ ही, बनराकस इस नए नेतृत्व का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए पंचायत सचिव अभिषेक त्रिपाठी (जितेंद्र कुमार) के लिए गांव में काम करने का माहौल पहले से कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाला है। इंजीनियरिंग के बाद सचिव के तौर पर फुलेरा आए अभिषेक अब गांव वालों के जीवन का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
TVF के बैनर तले बनी इस सीरीज को दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने क्रिएट किया है। सीरीज का लेखन चंदन कुमार ने किया है, जबकि निर्देशन की कमान दीपक कुमार मिश्रा ने संभाली है। शो में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवार, फैसल मलिक, चंदन रॉय, सानविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों में वापसी कर रहे हैं। 'पंचायत' सीजन 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को भारत सहित दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा।