मनोरंजन

वडोदरा में ‘धुरंधर’ के गानों पर की PM मोदी ने एंट्री, ‘आरी-आरी’ गाने से हुआ स्वागत

PM Modi Dhurandhar Songs: पीएम मोदी ने हाल ही में वडोदरा में एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी धुरंधर के गानों पर एंट्री लेते हुए नजर आए।
2 min read
Sep 08, 2026
PM Modi Vadodara Visit
पीएम मोदी और धुरंधर से रणवीर सिंह (फोटो सोर्स- ANI और IMDb)

PM Modi Vadodara Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे तो उनका स्वागत राजनीतिक नारों के साथ-साथ संगीत की धुनों से भी हुआ। पीएम मोदी की एंट्री के दौरान फिल्म 'धुरंधर' का लोकप्रिय गाना ‘आरी आरी’ सुनाई दिया। खास बात यह रही कि इस गाने को मशहूर इंटरनेशनल रॉक सॉन्ग 'वि विल रॉक यू' के साथ मिक्स करके बजाया गया। कार्यक्रम का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

'धुरंधर' के गाने ने खींचा ध्यान

वडोदरा में प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार किए गए म्यूजिकल सेगमेंट में ‘आरी आरी’ ने लोगों का खास ध्यान खींचा। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ के बाद यह गाना नई पीढ़ी के बीच एक बार फिर काफी लोकप्रिय हुआ है।

हालांकि, इस गाने का मूल कनेक्शन फिल्म से नहीं है। 'आरी-आरी' को मूल रूप से डेनिश-इंडियन पॉप जोड़ी बॉम्बे रॉकर्स ने 2005 में अपने एल्बम ‘इन्ट्रोड्यूसिंग’ में पेश किया था। कई साल बाद फिल्म में इस्तेमाल होने के बाद ये गाना सोशल मीडिया और युवाओं के बीच फिर चर्चा में आ गया। वडोदरा में पीएम मोदी के स्वागत के दौरान इसे 'वि विल रॉक यू' के साथ जोड़कर एक एनर्जेटिक प्रस्तुति तैयार की गई। इसके अलावा कार्यक्रम में गुजराती संगीत और दो अन्य हिंदी गानों का भी इस्तेमाल हुआ, जिससे पूरे माहौल में स्थानीय रंग नजर आया।

'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुजरात दौरा बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन और शिलान्यास से जुड़ा था। वडोदरा में आयोजित 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में उन्होंने जनता को संबोधित किया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश में बेहतर और तेज कनेक्टिविटी की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने रेलवे और हाईवे से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और लोकार्पण किया। साथ ही 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने का कार्यक्रम भी था।

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को बताया अहम उपलब्धि

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने डेडिकेटेड फ्राइट कॉरिडोर यानी DFC की प्रगति को देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वडोदरा से इस कॉरिडोर के अंतिम हिस्सों को जोड़ने का काम पूरा हुआ है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक 2,800 किलोमीटर से ज्यादा लंबे इस फ्रेट कॉरिडोर का पूरा होना भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की परियोजनाएं देश में माल ढुलाई को तेज करने और लॉजिस्टिक्स को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

नई ट्रेन को भी दिखाई हरी झंडी

वडोदरा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने मालगाड़ी सेवाओं के साथ-साथ टांडा रोड और वडोदरा के प्रतापनगर के बीच नई यात्री ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। इसके अलावा वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से जुड़े कई हिस्सों और गुजरात सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का भी कार्यक्रम में उल्लेख रहा।

लेकिन इन तमाम बड़े ऐलानों के बीच पीएम मोदी की एंट्री के समय बजा ‘आरी आरी’ और ‘वि विल रॉक यू’ का म्यूजिकल कॉम्बिनेशन सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का अलग विषय बन गया। कार्यक्रम की तस्वीरों और वीडियो में भी स्वागत का ये अंदाज काफी एनर्जेटिक नजर आया।

Updated on:
08 Sept 2026 05:22 pm
Published on:
08 Sept 2026 05:21 pm