मनोरंजन

राम चरण के लिए चुनौतीपूर्ण था ‘Peddi’ का अस्पताल वाला सीन, सिर्फ 8 घंटे में ऐसे हुई शूटिंग

Peddi Cricket Auction Scene: राम चरण ने बताया कि 'पेद्दी' का अस्पताल वाला इमोशनल सीन चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने इसे 8 घंटे में पूरा किया। जानें फिल्म का हिंदी टीवी प्रीमियर कब और कहां होगा।
2 min read
• •
Oct 16, 2026
Ram Charan
राम चरण की फिल्म 'पेद्दी' (सोर्स: IMDb)

Peddi Hospital Scene: साउथ सुपरस्टार राम चरण की फिल्म 'पेद्दी' (Peddi) में क्रिकेट और कुश्ती के दमदार सीन के साथ एक इमोशनल सीन भी है, जो अभिनेता के दिल के बेहद करीब है। इस सीन में उनके किरदार को पता चलता है कि वो अब कुश्ती नहीं लड़ सकता। राम चरण ने बताया कि इस दृश्य की शूटिंग चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन पूरी टीम के सहयोग से इसे सिर्फ 8 घंटे में पूरा कर लिया गया।

बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी 'पेद्दी' में राम चरण लीड रोल में हैं। अब ये फिल्म हिंदी में वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर के लिए तैयार है। इस अवसर पर एक्टर ने फिल्म की शूटिंग के अनुभव शेयर किए और उन सीन के बारे में बताया, जिन्हें फिल्माना उनके लिए खास रहा।

क्रिकेट ऑक्शन से कुश्ती तक, इन दृश्यों ने खींचा ध्यान

राम चरण के मुताबिक, 'पेद्दी' में कई ऐसे दृश्य हैं, जिन्हें वह यादगार मानते हैं। इनमें क्रिकेट और कुश्ती से जुड़े सीक्वेंस शामिल हैं। अभिनेता ने खास तौर पर क्रिकेट ऑक्शन वाले सीन का जिक्र किया, जिसमें उनके किरदार को खेलने के लिए सिर्फ एक रुपये में नीलाम कर दिया जाता है।

राम ने बताया कि इस सीन में उनके किरदार के आसपास जिस तरह घटनाएं आगे बढ़ती हैं और उसे पहचान मिलती है, वह उनके लिए काफी दिलचस्प था। इसके अलावा कुश्ती के दृश्यों को भी उन्होंने बेहद प्रभावशाली बताया। फिल्म में एक ऐसा मोड़ भी आता है, जब सब कुछ खोने के बाद उनका किरदार अपने गुरु के पास पहुंचता है और उनसे ट्रेनिंग देने की गुजारिश करता है। राम चरण के मुताबिक, इस हिस्से को भी काफी अच्छी तरह फिल्माया गया है।

8 घंटे में पूरा हुआ अस्पताल वाला इमोशनल सीन

राम चरण ने फिल्म के अस्पताल वाले सीन को सबसे चुनौतीपूर्ण और यादगार दृश्यों में से एक बताया। इसमें उनके किरदार को पता चलता है कि वह अब कुश्ती नहीं लड़ सकता। अभिनेता के अनुसार, उस समय तक पूरी टीम अपने-अपने किरदारों में पूरी तरह डूब चुकी थी।

राम ने बताया कि निर्देशक बुची बाबू सना ने इस सीन की योजना बनाने और उसे समझने में कई दिन लगाए थे। हालांकि, जब शूटिंग शुरू हुई तो पूरी टीम के सहयोग से इसे एक ही दिन में, यानी सिर्फ आठ घंटे के भीतर पूरा कर लिया गया। अभिनेता ने इस दृश्य को अपने दिल के करीब बताते हुए कहा कि इसे पूरा करने में सभी कलाकारों और टीम का सहयोग बेहद अहम रहा।

क्या है 'पेद्दी' की कहानी?

'पेद्दी' 1990 के दशक की पर बनी स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म है। इसमें राम चरण का किरदार एक खास मकसद के लिए क्रिकेट, कुश्ती और दौड़ जैसे खेलों का सहारा लेता है। आंध्र प्रदेश की बैकग्राउंड पर आधारित यह कहानी एक ऐसे खिलाड़ी की है, जो अपने शहर को कानूनी मान्यता दिलाने की कोशिश करता है।

इस दौरान उसके सामने ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जो उसके जीवन और संघर्ष को मुश्किल बना देती हैं। अपने लोगों के लिए लड़ते हुए वह साबित करता है कि वह अपने मकसद के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 244.64 करोड़ रुपये की नेट कमाई की, जबकि इसका दुनियाभर का ग्रॉस कलेक्शन 341.90 करोड़ रुपये रहा।

कब और कहां देखें 'पेद्दी'?

'पेद्दी' का हिंदी वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 24 अक्टूबर को रात 8 बजे सोनी मैक्स पर होगा। इससे पहले फिल्म का तेलुगु टेलीविजन प्रीमियर जी पर हो चुका है। जो दर्शक इसे ऑनलाइन देखना चाहते हैं, उनके लिए यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर भी उपलब्ध है।

Updated on:
16 Oct 2026 05:03 pm
Published on:
16 Oct 2026 04:58 pm