
Ramayana Box Office Collection: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'Ramayana' ने अपनी रिलीज के पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की है। भारत में दिवाली की छुट्टियों का भरपूर फायदा उठाते हुए इस फिल्म ने सिर्फ 8 दिनों के भीतर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। रणबीर कपूर और यश अभिनीत इस फिल्म का डंका केवल देश में ही नहीं, बल्कि दक्षिण-पूर्व एशिया के उन देशों में भी बज रहा है, जिनकी संस्कृति और इतिहास से इस महाकाव्य का गहरा नाता रहा है।
पड़ोसी देश नेपाल में भारतीय फिल्मों का बाजार हमेशा से मजबूत रहा है, लेकिन 'रामायण' ने यहां कमाई के पुराने समीकरण बदल दिए हैं। फिल्म ने अपने विस्तारित पहले वीकेंड में ही 12.80 करोड़ नेपाली रुपये (लगभग 8 करोड़ भारतीय रुपये) का कारोबार कर लिया है। इस शानदार पेशकश के साथ ये नेपाल में छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है, जिसने 'RRR, 'पठान' और 'जवान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की कुल कमाई को पीछे छोड़ दिया है। ट्रेड के अनुसार फिल्म जल्द ही 'बाहुबली 2' के 25.20 करोड़ नेपाली रुपये के अब तक के सबसे बड़े रिकॉर्ड को भी तोड़ने वाली।
'रामायण' की वैश्विक लोकप्रियता का सबसे बड़ा प्रमाण वियतनाम के बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिला है। वियतनाम को आमतौर पर भारतीय फिल्मों के लिए बड़ा बाजार नहीं माना जाता, जहां फिल्मों के लिए 20,000 डॉलर (15-18 लाख रुपये) कमाना भी चैलेंजिंग होता है, लेकिन 'रामायण' ने रिलीज के पहले ही दिन इस आंकड़े को पार कर लिया और अब तक वहां 3,50,000 डॉलर (लगभग 3 करोड़ रुपये) से अधिक की कमाई कर चुकी है।
वियतनाम के साथ रामायण का जुड़ाव सदियों पुराना है। यहां 1500 वर्षों तक चम्पा राजवंश का शासन रहा था और आज भी देश में ऋषि वाल्मीकि को समर्पित 1300 साल पुराना एक मंदिर मौजूद है। इसके अलावा, वियतनाम के हाई स्कूल और विश्वविद्यालयों में रामायण को विश्व साहित्य के पाठ्यक्रम के हिस्से के रूप में पढ़ाया जाता है।
दुनिया भर में रामायण के करीब 300 वर्जन प्रचलित हैं, जिनमें दक्षिण-पूर्व एशिया के स्थानीय वर्जन शामिल हैं। वैश्विक रिलीज के 6 दिन बाद, 11 नवंबर को इंडोनेशिया में फिल्म का प्रीमियर हुआ, जहां इसने पहले ही दिन 1,00,000 डॉलर (लगभग 1 करोड़ रुपये) जुटाकर किसी भी भारतीय फिल्म के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाया। इंडोनेशिया में 1900 से अधिक वर्षों से 'काकाविन रामायण' और 'बालिनीस रामाकवाका' जैसे स्थानीय रूप से फेमस हैं।
इसी तरह, थाईलैंड जहां सम्राट राम प्रथम द्वारा तैयार करवाया गया 'रामाकियन' प्रसिद्ध है वहां फिल्म ने एक हफ्ते में करीब 1 मिलियन डॉलर (9 करोड़ रुपये) की कमाई की है। वहीं, दुनिया के सबसे बड़े विष्णु मंदिर वाले देश कंबोडिया में, जहां रामायण को 'रीमकेर' के रूप में स्कूली पाठ्यक्रम में पढ़ाया जाता है, फिल्म ने पहले वीकेंड पर 1,50,000 डॉलर कमाकर भारतीय सिनेमा के लिए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके अलावा मलेशिया में भी फिल्म एक हफ्ते से कम समय में 9,00,000 डॉलर (8 करोड़ रुपये) का आंकड़ा छू चुकी है।