
Ramayana Viral Video Controversy: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण: पार्ट वन' बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है और महज दो दिनों में इसने दुनिया भर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, फिल्म की इस शानदार सफलता के बीच सोशल मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म से जुड़ा सीता और लक्ष्मण का एक एक्शन सीन लीक होने के बाद दर्शक इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या भारत और इंटरनेशनल लेवल पर रिलीज किए गए वर्जन में कोई अंतर है।
X और रेडिट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 'रामायण' के कुछ सीन्स की क्लिप्स तेजी से वायरल हो रही हैं। ये विवाद मुख्य रूप से साई पल्लवी (सीता) और रवि दुबे (लक्ष्मण) के एक दमदार एक्शन सीक्वेंस से जुड़ा है। वायरल फुटेज उस वक्त की है जब भगवान राम का सामना खर और दूषण की 14,000 राक्षसों वाली विशाल सेना से होता है।
लीक हुई क्लिप्स में घायल लक्ष्मण और सीता एक पथरीली घाटी में भागते नजर आते हैं, जहां कुछ खूंखार जीव उनका पीछा कर रहे हैं। वे एक झरने के पीछे गुफा में शरण लेते हैं, जहां सीता घायल लक्ष्मण के घावों पर मरहम-पट्टी करने की कोशिश करती हैं। इसी दौरान वे जीव वहां पहुंच जाते हैं। इस सीक्वेंस में सीता का एक मजबूत रूप दिखाया गया है, जहां वह पीछे हटने के बजाय खंजर निकालकर बचाव की मुद्रा में आ जाती हैं। इसके बाद लक्ष्मण खुद को उनके आगे कर लेते हैं और ठीक उसी वक्त राम का एक तीर आकर उन जानवरों को गिरा देता है।
इस लीक फुटेज के सामने आने के बाद भारतीय दर्शक यह सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर यह अहम एक्शन सीक्वेंस भारत में रिलीज हुई फिल्म का हिस्सा क्यों नहीं है। खबरों के मुताबिक, घरेलू स्तर पर रिलीज हुआ हिंदी वर्जन लगभग 196 मिनट का है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी अंग्रेजी वर्जन की अवधि करीब 166 मिनट है, जिसमें से कुछ गाने और परिवार से जुड़े सीन हटाए गए थे।
हालांकि, अब चर्चा इस बात पर हो रही है कि क्या 'इंटरनेट नेशनल हिंदी वर्ज़न' में कुछ ऐसे अतिरिक्त दृश्य शामिल हैं जो भारतीय सिनेमाघरों के दर्शकों को देखने को नहीं मिले। सोशल मीडिया पर इस अंतर को लेकर दर्शक मेकर्स से सवाल कर रहे हैं, हालांकि फिल्म निर्माताओं या प्रोडक्शन हाउस की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
एक तरफ जहां फिल्म के सीन्स को लेकर ऑनलाइन बहस छिड़ी हुई है, वहीं दूसरी तरफ बॉक्स ऑफिस पर इसका जलवा कायम है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में 64.85 करोड़ रुपये की शानदार शुरुआत की थी, जबकि दूसरे दिन 48.05 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म की कुल घरेलू नेट कमाई 112.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, और विदेशी ग्रॉस कमाई को मिलाकर यह आंकड़ा दो दिनों में 221.05 करोड़ रुपये को पार कर चुका है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे मुख्य भूमिकाओं में हैं।