
Ramayana Video Leak: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' (Ramayan) की रिलीज के बाद इसके वीडियो लीक होने और अनाधिकृत क्लिप्स शेयर किए जाने के मामलों पर मेकर्स ने कड़ा रुख अपनाया है। फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक कानूनी नोटिस जारी कर थिएटरों में फिल्म रिकॉर्ड करने और इसके फुटेज को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर शेयर करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। मेकर्स ने साफ किया है कि ऐसा करने वालों को बिना किसी पूर्व सूचना के दीवानी, आपराधिक और कोर्ट की अवमानना से जुड़ी कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा।
निर्माताओं द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस में बॉम्बे हाई कोर्ट के 2 नवंबर 2026 और 6 नवंबर 2026 को आए दो हालिया आदेशों (कमर्शियल IP सूट L नंबर 37230/2026) का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है। कोर्ट के इन फैसलों के तहत किसी भी ज्ञात या अज्ञात व्यक्ति द्वारा फिल्म या उसके किसी भी हिस्से को बिना अनुमति के रिकॉर्ड करने, अपलोड करने, शेयर करने या किसी भी माध्यम से प्रसारित करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि थिएटर में फुटेज रिकॉर्ड करना और उसे ऑनलाइन बांटना सिर्फ कॉपीराइट का उल्लंघन ही नहीं है, बल्कि ये एक गंभीर अपराध भी है। इसके तहत 'कॉपीराइट एक्ट 1957', 'सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952', 'बीएनएस (BNS) 2023' और 'आईटी (IT) एक्ट 2000' की प्रासंगिक धाराओं के तहत भारी जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है। इसके अलावा, ऐसा करना अदालत की अवमानना (Contempt of Court) के दायरे में भी आता है।
प्रोडक्शन टीम ने उन सभी लोगों से तुरंत लीक कंटेंट हटाने की अपील की है जिन्होंने पहले से ही फिल्म के हिस्से सोशल मीडिया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिए हैं। मेकर्स ने चेतावनी दी है कि ऐसे सभी लोगों की शिकायत संबंधित जांच अधिकारियों और उन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से की जाएगी, जहां यह अनधिकृत कंटेंट उपलब्ध है।
फिल्म की रिलीज के दिन मेकर्स द्वारा आधिकारिक रूप से जारी 'हनुमान चालीसा' ट्रैक में दिखाए गए सनी देओल के भगवान हनुमान वाले पोस्ट-क्रेडिट सीन के अलावा, 'रामायण' का एक अन्य लीक हिस्सा सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि फिल्म के इंटरनेशनल वर्जन में एक ऐसा सीन है जो भारतीय हिंदी वर्जन में शामिल नहीं किया गया है। ये प्रसंग शूर्पणखा की नाक काटे जाने के बाद का है, जहां उसे बचाने आए असुरों के समूह से भगवान राम, लक्ष्मण और सीता का सामना होता है।
नमित मल्होत्रा और यश द्वारा निर्मित 'रामायण: पार्ट 1' में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा फिल्म की बड़ी स्टार कास्ट में रवि दुबे, इंदिरा कृष्ण, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, सोनल झा, लारा दत्ता, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह और काजल अग्रवाल जैसे प्रमुख कलाकार शामिल हैं। दो भागों में बन रही इस सिनेमाई गाथा का दूसरा भाग दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।