मनोरंजन

‘स्पॉइलर कपूर’ की फिर हुई वापसी! ‘रामायण 2’ से पहले ही ‘रामायण 3’ का हिंट दे गए रणबीर, फैंस बोले- भाई, थोड़ा सस्पेंस रहने दो

Ramayana Movie: रणबीर कपूर ने 'रामायण' के दूसरे पार्ट की शूटिंग के बीच तीसरे भाग का जिक्र किया। उनके बयान पर फैंस ने उन्हें 'स्पॉइलर कपूर' और 'बॉलीवुड का टॉम हॉलैंड' कहा।
3 min read
• •
Updated: 3 Nov 2026, 2:32 PM IST
Ramayana Fans Reaction
रणबीर कपूर ने खोल दिया 'रामायण' के तीसरे पार्ट का राज (सोर्स: x-@SAMTHEBESTEST_)

Ramayana Fans Reaction: रणबीर कपूर एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। एक्टर इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' में भगवान राम का रोल निभा रहे हैं। फिल्म का पहला पार्ट रिलीज होने से पहले ही रणबीर ने बातचीत के दौरान तीसरे पार्ट का जिक्र कर दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें मजेदार अंदाज में 'स्पॉइलर कपूर' कहना शुरू कर दिया। बता दें, उनके बयान से ये स्पष्ट नहीं है कि फिल्म का तीसरा भाग आधिकारिक तौर पर बनाया जा रहा है या नहीं।

'रामायण' करीब 4,000 करोड़ रुपये के बजट वाली इस महत्वाकांक्षी फिल्म में साई पल्लवी सीता और यश रावण की रोल में नजर आएंगे। फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है, लेकिन रणबीर के हालिया बयान ने इसके आगे भी कहानी बढ़ने की संभावना को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

रणबीर ने 'रामायण 3' को लेकर क्या कहा?

'रिव्यू नेशन' में इंटरव्यू के दौरान रणबीर कपूर ने फिल्म पर काम करने के अपने अनुभव के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि दूसरे पार्ट की करीब 50 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल इसकी शूटिंग जारी है।

इसी बातचीत में एक्टर ने तीसरे पार्ट का भी जिक्र किया। रणबीर ने कहा, "मैंने दूसरे पार्ट का 50 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है। हम अभी इसकी शूटिंग कर रहे हैं। भले ही हम दूसरा या तीसरा पार्ट पूरा कर लें, मुझे नहीं लगता कि ये कहानी कभी हमारा साथ छोड़ेगी।" उन्होंने इस प्रोजेक्ट को जिंदगी में एक बार मिलने वाला मौका बताया।

रणबीर के मुताबिक, इस फिल्म का अनुभव उनके करियर के साथ-साथ उनकी पूरी जिंदगी को बदलने वाला है। उनके इस बयान के बाद फैंस के बीच सवाल उठने लगे कि क्या मेकर्स 'रामायण' को दो फिल्मों के बजाय तीन भागों में बनाने की योजना पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, रणबीर ने तीसरे पार्ट की पुष्टि नहीं की है।

पहले तीन भागों में बननी थी 'रामायण', फिर बदला प्लान

'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा भी पहले फिल्म के भविष्य को लेकर इशारें दे चुके हैं। लॉस एंजिल्स में फिल्म के प्रीमियर के दौरान इंटरनेशनल मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया था कि शुरुआत में इस महाकाव्य की कहानी को तीन भागों में पेश करने की योजना थी। इसके बाद में क्रिएटिव विजन में बदलाव के चलते इसे दो हिस्सों में बनाने का फैसला लिया गया।

नमित ने तीसरे भाग की संभावना पर कहा था कि वह अभी कोई स्पॉइलर नहीं देना चाहते। उनके मुताबिक, फिल्म को दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है और क्या फीडबैक आता है, ये देखने के बाद मेकर्स दोबारा बैठकर आगे की योजना पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि कहानी में कुछ जोड़ने या हटाने का फैसला दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा।

रणबीर को फैंस ने कहा- 'बॉलीवुड के टॉम हॉलैंड'

रणबीर के बयान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोग तीन फिल्मों की फ्रेंचाइजी बनने की संभावना से उत्साहित नजर आए, तो कुछ ने अभिनेता को स्पॉइलर देने के लिए मजाकिया अंदाज में ट्रोल किया।

एक यूजर ने लिखा, “स्पॉइलर कपूर वापस आ गए हैं।” वहीं, दूसरे ने कहा कि रणबीर इस हिस्से को आसानी से छोड़ सकते थे, लेकिन पता नहीं उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया।

एक फैन ने तीन फिल्मों की सीरीज बनने की उम्मीद जताते हुए लिखा कि वो ऐसी शानदार ट्रायलॉजी का इंतजार कर रहा है। वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाक में कहा, “कोई तो इसे चुप कराओ।” एक यूजर ने रणबीर की तुलना हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड से भी की, जो अनजाने में फिल्मों के स्पॉइलर देने के लिए चर्चा में रहते हैं। यूजर ने उन्हें 'बॉलीवुड का टॉम हॉलैंड' कहा।

कब रिलीज होगी 'रामायण'?

फिलहाल 'रामायण' को दो भागों में रिलीज करने की योजना है। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में आएगा। पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। रणबीर के बयान और नमित मल्होत्रा के पुराने इंटरव्यू के बाद तीसरे पार्ट की चर्चा जरूर शुरू हो गई है।

Updated on:
3 Nov 2026, 2:32 PM IST
Published on: