
NCP Leader Babasaheb Patil Ramayana Letter: नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी और रणबीर कपूर स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' जहां एक तरफ दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच रही है, वहीं दूसरी ओर ये महाराष्ट्र में एक नए विवाद में घिर गई है। बता दें, फिल्म की रिलीज भाषाओं की लिस्ट में मराठी को शामिल न किए जाने पर राज्य में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के फिल्म और सांस्कृतिक विभाग के प्रमुख बाबासाहेब पाटिल ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा को एक औपचारिक पत्र लिखकर इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई है। इसके साथ ही, पाटिल ने मांग की है कि मेकर्स तत्काल प्रभाव से फिल्म का मराठी डब वर्जन तैयार करें और इसे पूरे महाराष्ट्र के थिएटर में रिलीज करें।
बता दें, भारत के सबसे पवित्र और सम्मानित महाकाव्यों में से एक पर आधारित इस मेगा-प्रोजेक्ट से मराठी भाषी दर्शकों को वंचित रखना पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महाराष्ट्र देश के सबसे बड़े और अहम थिएट्रिकल मार्केट्स में से एक है, इसलिए यहां के दर्शकों को अपनी मातृभाषा में इस महागाथा को देखने का पूरा हक मिलना चाहिए।
अपने पत्र में एनसीपी नेता ने मराठी भाषा की लगभग 1,000 साल पुरानी समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का विशेष उल्लेख किया, जिसे हाल ही में क्लासिकल लैंग्वेज का दर्जा भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े सिनेमाई प्रोजेक्ट से मराठी भाषा को बाहर रखना दुर्भाग्यपूर्ण है और ये इस प्राचीन भाषा को वो उचित सम्मान नहीं देता जिसकी वो असल में हकदार है।
बाबासाहेब पाटिल ने साफ किया कि उनकी ये मांग किसी अन्य भाषा और क्षेत्रीय वर्जन के खिलाफ नहीं है, बल्कि ये मुद्दा केवल मराठी भाषी दर्शकों के लिए समान सम्मान और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का है।
'रामायण' को देश भर के थिएटर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम जैसी प्रमुख भाषाओं में बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया है, लेकिन इस लिस्ट में मराठी का नाम न होना स्थानीय दर्शकों और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म ने सिर्फ 8 दिनों के अंदर वैश्विक लेवल पर 1000 करोड़ रुपये की कमाई का मील का पत्थर पार कर लिया है, हालांकि निर्माताओं की ओर से अभी तक इस मराठी डब विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।