
Dhurandhar Netflix: रणवीर सिंह स्टारर 'धुरंधर' एक तरफ Netflix पर दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली Non-English फिल्म बनकर नया रिकॉर्ड बना रही है, तो वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के एक सरकारी स्कूल में इसकी स्क्रीनिंग विवादों में घिर गई है। एडल्ट-रेटेड फिल्म को छात्रों को दिखाए जाने के आरोप के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
टाइम्स के मुताबिक, मध्य प्रदेश के एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में 31 जुलाई को कक्षा 11 और 12 के छात्रों को 'धुरंधर' दिखाए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कूल के डिजिटल LED बोर्ड पर फिल्म चलती दिखाई दे रही है और कमरे में कई छात्र मौजूद नजर आ रहे हैं।
बता दें, वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान एक गेस्ट टीचर भी मौजूद था। मामला सामने आने के बाद CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छात्रों की पढ़ाई के लिए लगाए गए डिजिटल बोर्ड का इस्तेमाल गैर-शैक्षणिक और उम्र के लिहाज से अनुपयुक्त कंटेंट दिखाने के लिए किया गया। शिकायतकर्ताओं ने इसे बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही बताया। साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस विवाद के बीच फिल्म ने OTT पर बड़ी उपलब्धि भी हासिल की है। Netflix के को-CEO टेड सारंडोस ने बताया कि 'धुरंधर' इस साल दुनिया की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली Non-English फिल्म रही। उन्होंने ये भी कहा कि ये कई अंग्रेजी फिल्मों से भी ज्यादा देखी गई और व्यूअरशिप के मामले में केवल अमेरिका और ब्रिटेन के कंटेंट से पीछे रही।
दरअसल, टेड सारंडोस ने ये भी बताया कि 2024 से Netflix के ग्लोबल टॉप-10 में हर हफ्ते कोई न कोई भारतीय फिल्म या सीरीज शामिल रही है। उनके मुताबिक, इस साल दुनिया भर में Netflix पर भारतीय कंटेंट 3.5 बिलियन घंटे देखा गया, जो भारतीय सिनेमा की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है।
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी 'धुरंधर' दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी और इसने दुनिया भर में लगभग 1,350.83 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद मार्च 2026 में रिलीज हुई 'धुरंधर: द रिवेंज' ने करीब 1,852.44 करोड़ रुपये की कमाई की।
बता दें, फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर लीड रोल में नजर आए।