
Ravi Dubey International Heartthrob: नितेश तिवारी की मेगा-बजट फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे अभिनेता रवि दुबे की लोकप्रियता अब सात समंदर पार पहुंच गई है। बता दें, फिल्म की रिलीज के बाद से रवि दुबे को भारत के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व एशिया, खासकर थाईलैंड के दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिल रहा है। थाई फैंस सोशल मीडिया पर उनके वीडियो एडिट शेयर कर रहे हैं और उन्हें प्यार से 'पी-रवि' (P’Ravie) कहकर बुला रहे हैं।
'इंडिया टुडे' से बातचीत में रवि दुबे ने बताया कि उन्हें इस अचानक मिली अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता की आदत डालने में अभी भी समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले जब उन्होंने X और इंस्टाग्राम खोला, तो थाई भाषा में लिखे कैप्शन और वीडियो एडिट देखकर वे चौंक गए।
रवि दुबे के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें समझ ही नहीं आया कि यह सब क्या हो रहा है, लेकिन जब एहसास हुआ कि थाईलैंड के दर्शक 'रामायण' देख रहे हैं और किरदारों से जुड़ रहे हैं, तो उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई। जब उनसे पूछा गया कि फैंस उन्हें 'इंटरनेशनल हार्टथ्रोब' कह रहे हैं, तो वे हैरान रह गए और कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इस पर क्या कहें, वे बस इस प्यार के लिए आभारी हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर थाई फैंस रवि दुबे के लक्ष्मण अवतार वाले सीन्स के जमकर वीडियो एडिट बना रहे हैं। मजेदार बात यह है कि इनमें से कई वीडियो में मशहूर के-पॉप बैंड ब्लैकपिंक (BLACKPINK) की लिसा का म्यूजिक इस्तेमाल किया जा रहा है।
फैंस द्वारा दिए गए 'पी-रवि' नाम के पीछे भी एक खास वजह है। थाई संस्कृति में किसी बड़े या वरिष्ठ व्यक्ति के प्रति सम्मान और अपनापन दिखाने के लिए नाम के आगे 'पी' (P) या 'फी' (Phi) लगाया जाता है। थाईलैंड के अलावा इंडोनेशिया और हांगकांग के दर्शक भी फिल्म के किरदारों पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'रामायण: पार्ट 1' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों, विशेष रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया में रामायण के गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव का फायदा फिल्म की कमाई को भी मिल रहा है।
ट्रेड के अनुसार, फिल्म ने पहले 11 दिनों में दुनिया भर में लगभग 1,384.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसमें भारत का कुल कलेक्शन 909 करोड़ रुपये है, जबकि विदेशी बाजारों से 475.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई है, जो कुल कलेक्शन का 34 प्रतिशत से अधिक है।