
Jana Nayagan Release Date: तमिलनाडु के CM सी. जोसेफ विजय की फिल्म 'जन नायकन' को आखिरकार केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से 'A' सर्टिफिकेट मिल गया है। उद्योग से जुड़े सूत्रों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ (H. Vinoth) ने किया है, जो 'थीरन अधिगारम ओंद्रु' (Theeran Adhigaaram Ondru) और 'नेरकोंडा पार्वई' (Nerkonda Paarvai) जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। करीब 7 महीने तक चली लंबी प्रक्रिया के बाद फिल्म को सेंसर प्रमाणपत्र मिला।
तमिलनाडु फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, फिल्म को 24 जुलाई से तमिलनाडु के करीब 1,000 सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की संभावना है। इस फिल्म को विजय की राजनीति में पूर्णकालिक प्रवेश से पहले उनकी अंतिम फिल्म माना जा रहा है। फिल्म का निर्माण बेंगलुरु स्थित KVN Productions ने किया है।
फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिलने की प्रक्रिया काफी लंबी रही। इस दौरान देरी, कानूनी हस्तक्षेप और पाइरेसी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। फिल्म को पहले 9 जनवरी 2026 को पोंगल से रिलीज किया जाना था। इसके लिए फिल्म को 19 दिसंबर 2025 को CBFC के पास प्रमाणन के लिए भेजा गया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंसर बोर्ड की जांच समिति द्वारा सुझाए गए बदलाव करने के बाद फिल्म को शुरुआती तौर पर 'U/A' सर्टिफिकेट के योग्य माना गया था। हालांकि, समिति के एक सदस्य ने आंतरिक आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि फिल्म के कुछ हिस्से सार्वजनिक भावनाओं को आहत कर सकते हैं। इसके बाद सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
सर्टिफिकेट मिलने में हो रही देरी के बाद 6 जनवरी को KVN Productions ने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया। प्रोडक्शन हाउस ने अदालत से फिल्म के सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देने की मांग की थी।
'जन नायकन' में कई चर्चित कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण जैसे कलाकार शामिल हैं। फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।
फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। वहीं, सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी सत्यन सूर्यन ने संभाली है, जबकि एडिटिंग प्रदीप ई. राघव ने की है। टेक्निकल टीम में कई अनुभवी नाम शामिल होने से फिल्म को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।