
Sai Pallavi Pregnant Look Song: दिग्गज फिल्ममेकर मणिरत्नम की अपकमिंग रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'इंजी वेल्लम' का पहला गाना 'आची आची' (Aachi Aachi) रिलीज हो गया है। विजय सेतुपति और साई पल्लवी की लीड रोल वाली इस फिल्म के पहले ही गाने में साई पल्लवी का बिल्कुल नया और अप्रत्याशित अंदाज देखने को मिला है। गाने में वह छोटे बालों वाले बॉयिश लुक के साथ एक प्रेग्नेंट महिला के रूप में नजर आ रही हैं, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है।
मातृत्व की खुशी का जश्न मनाते इस गाने को ए.आर. रहमान ने अपने संगीत से सजाया है। गाने के बोल इलांगो कृष्णन ने लिखे हैं, जबकि वैशाली सामंत और शरण्या श्रीनिवास ने इसे अपनी आवाज दी है। गाने में तमिल के साथ मलयालम बोलों का अनूठा संगम सुनने को मिलता है। साई पल्लवी के ऊर्जावान डांस मूव्स और उनके अलग अंदाज ने इस ट्रैक को और भी खास बना दिया है।
गाना सामने आने के बाद से ही X पर फैंस साई पल्लवी के इस बदलाव पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने उनके छोटे बालों वाले लुक और प्रेग्नेंट महिला के किरदार में किए गए शानदार डांस की सराहना की है। एक यूजर ने इस बदलाव को अप्रत्याशित लेकिन बेहद प्रभावशाली बताया, तो वहीं अन्य फैंस ने मणिरत्नम और ए.आर. रहमान की जोड़ी की वापसी पर खुशी जताते हुए इसे एक क्लासिक लव स्टोरी और संगीतमय मास्टरपीस करार दिया है।
'इंजी वेल्लम' के जरिए साई पल्लवी और विजय सेतुपति पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आएंगे। फिल्म का एक बड़ा हिस्सा कोलकाता में शूट किया गया है, हालांकि निर्माताओं ने अभी तक कहानी और किरदारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी गुप्त रखी है।
मद्रास टॉकीज और लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले सुबास्करन, मणिरत्नम और शिवा अनंत द्वारा निर्मित इस फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अविक मुखोपाध्याय ने की है, जबकि एडिटिंग की कमान श्रीकर प्रसाद के पास है। 'इंजी वेल्लम' 29 जनवरी, 2027 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।