
Mudassar Khan On Salman Khan: अपनी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज की तैयारी कर रहे सलमान खान के गाने 'मदिरापान' से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सामने आया है। बता दें, कोरियोग्राफर मुदस्सर खान ने खुलासा किया है कि आमतौर पर गानों की रिहर्सल न करने वाले सलमान खान ने इस गाने के लिए न सिर्फ एक-दो दिन रिहर्सल की, बल्कि बाकी क्रू के साथ सुबह 10 बजे सेट पर पहुंचकर सभी को चौंका दिया।
'वैरायटी इंडिया' से बातचीत में मुदस्सर खान ने बताया कि सलमान खान आमतौर पर अपने गानों के लिए पहले से रिहर्सल नहीं करते, बल्कि सेट पर ही स्टेप्स सीखकर तुरंत परफॉर्म कर देते हैं। लेकिन 'मदिरापान' के लिए उन्होंने अपनी इस आदत को बदला और एक-दो दिन तक रिहर्सल की। मुदस्सर खान के मुताबिक, सलमान का फोकस सिर्फ हुक स्टेप पर नहीं था, बल्कि वे चाहते थे कि बाकी चीजें भी उतनी ही बेहतर हों, जिनमें को-प्रोड्यूसर का परफॉर्मेंस, डांसर्स के कॉस्ट्यूम और उनका पूरा लुक शामिल था।
बता दें, शूटिंग के दौरान सलमान खान की सक्रियता का जिक्र करते हुए मुदस्सर ने कहा कि क्रू के साथ सुबह 10 बजे सलमान का सेट पर पहुंचना वाकई हैरान करने वाला था। चार से पांच दिनों तक चली शूटिंग के दौरान वे पूरी तरह से काम में डूबे रहे और हर छोटी-बड़ी चीज पर नजर रखते हुए ये सुनिश्चित करते रहे कि सब कुछ सही ढंग से हो।
मुदस्सर खान ने बताया कि 'मदिरापान' गाने के विजुअल्स को खास ऊर्जा देने के लिए 'बोल्ट' एक्शन-कैमरा रिग का इस्तेमाल किया गया। यह रिग बेहद तेजी से दाएं-बाएं और ऊपर-नीचे घूम सकता है। उनके अनुसार, सलमान खान के गानों में पहले इसका ज्यादा इस्तेमाल नहीं हुआ था, लेकिन इस नए आइडिया के लिए सलमान भी पूरी तरह तैयार थे। फिल्म 'मातृभूमि' के ट्रेलर के साथ इस गाने की झलक फैंस के बीच पहले ही आ चुकी है।