मनोरंजन

‘मुझ पर ही ज्यादा हमले करेंगे’, समय रैना के शो में आने से पहले करण जौहर को क्यों सता रहा है डर?

Samay Raina Koffee With Karan: समय रैना जल्द ही करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण 9' में तन्मय भट्ट और फराह खान के साथ नजर आएंगे। करण ने बताया कि इस एपिसोड में उन्हें ही सबसे ज्यादा निशाना बनाया जाएगा।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 11:59 AM IST
Karan Johar Show
समय रैना ने कन्फर्म किया 'कॉफी विद करण 9' में आना (सोर्स: instagram-maihuSamayRaina)

Koffee With Karan Guests Samay Raina: कॉमेडियन समय रैना जल्द ही करण जौहर के फेमस सेलिब्रिटी चैट शो 'कॉफी विद करण 9' में दस्तक देने वाले हैं। उनके साथ कॉमेडियन तन्मय भट्ट और फिल्ममेकर फराह खान भी शो के काउच पर बैठेंगे। इस खास एपिसोड को लेकर करण जौहर ने खुद एक मजेदार खुलासा किया है। बता दें, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस एपिसोड में सबसे ज्यादा निशाना उन पर ही बनाया जाएगा।

साथ ही, समय रैना ने हाल ही में अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'कॉफी विद करण 9' के पोस्टर की फोटोज शेयर की है। इसके साथ उन्होंने शो में अपनी मौजूदगी की पुष्टि कर दी। हालांकि, समय ने पोस्ट के साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा, लेकिन इससे पहले करण जौहर भी इस एपिसोड के गेस्ट पैनल के बारे में बता चुके थे।

करण जौहर को क्यों सता रहा है डर?

'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' को दिए इंटरव्यू में करण जौहर ने समय रैना, तन्मय भट्ट और फराह खान के साथ आने वाले एपिसोड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन तीनों के साथ शूटिंग काफी मजेदार होने वाली है, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा है कि बातचीत के दौरान सबसे ज्यादा निशाना उन्हीं पर साधा जाएगा।

करण ने मजाकिया अंदाज में कहा, "मेरा एक एपिसोड तन्मय, समय रैना और फराह खान के साथ है। मुझे पता है कि बहुत मजा आने वाला है, क्योंकि वे मुझ पर ही ज्यादा हमले करेंगे, जबकि मैं उन पर उतना हमला भी नहीं कर पाऊंगा।"

पहले भी करण के शो में आ चुके हैं समय रैना

इसमें सबसे मजेदार बात ये है कि समय रैना पहले भी 'कॉफी विद करण' का हिस्सा बन चुके हैं, हालांकि तब वो शो में बतौर मेहमान नहीं पहुंचे थे। एक पुराने एपिसोड के मजेदार सेगमेंट में वरुण धवन को किसी को फोन करके ये कहलवाने का टास्क मिला था, 'हाय करण, मैं बोल रहा हूं।'

इस चैलेंज के दौरान वरुण ने समय रैना को फोन किया था, लेकिन बातचीत ने तब मजेदार मोड़ ले लिया, जब समय ने फोन उठाकर कहा कि वो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ चिल कर रहे हैं। समय की बात सुनकर करण जौहर ने उन्हें याद दिलाया कि वो 'कॉफी विद करण' पर हैं। इसके बाद करण ने मजाक में समय से अपनी गर्लफ्रेंड के बारे में खुलकर बात करने को कहा था।

शो में नजर आ चुके हैं कई बड़े सितारे

'कॉफी विद करण 9' में अब तक वरुण धवन, जाह्नवी कपूर, सलमान खान, करीना कपूर, सैफ अली खान, कियारा आडवाणी, सिद्धार्थ मल्होत्रा, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना जैसे सितारे नजर आ चुके हैं।

करण जौहर का ये चैट शो अपने नौवें सीजन के साथ खत्म होने जा रहा है। ऐसे में समय रैना, तन्मय भट्ट और फराह खान वाला एपिसोड दर्शकों के लिए खास होने वाला है।

Updated on:
14 Nov 2026, 11:59 AM IST
Published on: