
Sanya Malhotra Delhi: एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा ने दिल्ली में अकेले गाड़ी चलाने के दौरान अपने डरावने अनुभव साझा किए हैं, जो दोबारा से वायरल हो रहा है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि कई बार लोग उनकी कार का पीछा करते थे। इस वजह से वह गाड़ी चलाते समय भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं। सान्या ने कहा कि ऐसी स्थिति में उनका शरीर पूरी तरह ‘फाइट या फ्लाइट’ रिस्पॉन्स में चला जाता था।
‘द मेल फेमिनिस्ट’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान सान्या मल्होत्रा ने दिल्ली में अकेले ड्राइविंग के अपने अनुभव के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि जब वह शाम करीब 7-8 बजे घर से निकलती थीं, तो कई बार लोग उनकी कार का पीछा करते थे।
सान्या ने बताया कि उनके पिता ने भी उन्हें ऐसी परिस्थितियों को लेकर खास हिदायत दे रखी थी। वह कहती हैं कि उनके पिता ने उन्हें समझाया था कि अगर कोई रास्ते में रोकने की कोशिश करे तो गाड़ी नहीं रोकनी है।
सान्या ने बताया कि कई मौकों पर कोई कार या स्कूटर से उनका पीछा करता था। ऐसी स्थिति में वह अपना चेहरा तक ढककर गाड़ी चलाती थीं, ताकि उन पर अनचाहा ध्यान न जाए।
एक्ट्रेस ने कहा कि अपनी ही कार के अंदर होने के बावजूद उन्हें पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं होता था। उनके मुताबिक, ऐसी घटनाओं का असर मानसिक स्थिती को खराब करता था।
सान्या ने उस डर को याद करते हुए कहा कि वह काफी समय तक इस सोच में रहती थीं कि कभी भी कुछ भी हो सकता है। उन्होंने इसे बिल्कुल भी अच्छा एहसास नहीं बताया।
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि इंसानों के तौर पर हम एक-दूसरे के लिए ज्यादा सुरक्षित माहौल बना सकते हैं। उनके इस बयान ने महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक जगहों पर अनचाहे पीछा किए जाने जैसी समस्या की ओर ध्यान खींचा है।