
Sapna Choudhary Divorce News: हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। अपने डांस और गानों से लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाने वाली सपना ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कंफर्म कर दिया है कि वह अपने पति वीर साहू से अलग होने जा रही हैं और तलाक की अर्जी भी दाखिल कर चुकी हैं। करीब 6 साल पहले दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी की थी। अब इस रिश्ते के खत्म होने की खबर ने उनके फैंस को हैरान कर दिया है।
सपना चौधरी ने हाल ही में एनएमएफ (NMF) को दिए एक इंटरव्यू में अपनी निजी जिंदगी और रिश्ते में आई परेशानियों पर खुलकर बात की। उन्होंने साफ कहा कि जब तक दोनों के बीच सबकुछ ठीक था, वो साथ थे, लेकिन अब परिस्थितियां पहले जैसी नहीं हैं। सपना ने कहा, 'जब तक सब सही था हम दोनों साथ थे। लेकिन अब सही नहीं है तो साथ भी नहीं है। मैंने तलाक की अर्जी दी है। शादी दो लोगों का रिश्ता होता है। उसे हम दोनों बेहतर समझ सकते हैं और किसी तीसरे को समझ नहीं आएगी।'
सपना ने पहली बार अपने रिश्ते में आई दूरी की वजह का भी संकेत दिया है। उन्होंने बताया कि बिग बॉस से बाहर आने के बाद उनका करियर काफी अच्छे दौर में था। उस समय उनके पास काम के कई मौके थे और वो लगातार आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान उन्होंने शादी करके अपना घर बसा लिया। हालांकि, समय के साथ उन्हें महसूस होने लगा कि वह रिश्तों और जिम्मेदारियों में इस कदर उलझ गई हैं कि अपने करियर और खुद पर ध्यान नहीं दे पा रही हैं।
सपना के मुताबिक, वह एक अच्छी मां, अच्छी बहू और अच्छी पत्नी बनने की जिम्मेदारी निभाती रहीं, लेकिन इस दौरान खुद को आगे बढ़ाने और अपने व्यक्तित्व को निखारने का मौका नहीं मिल पाया। उनके इस बयान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि निजी जिंदगी और पेशेवर महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।
इंटरव्यू में सपना ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उनकी निजी जिंदगी और बच्चों की परवरिश को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आरोप लगाते हैं कि उन्होंने अपने बच्चों को छोड़ दिया है। सपना ने इस तरह की टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि बच्चे उनके हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि उनकी परवरिश कैसे करनी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि उन्हें उनके काम के आधार पर जज किया जाए, लेकिन उनकी निजी जिंदगी पर बेवजह टिप्पणी न की जाए। सपना का कहना है कि उनकी पारिवारिक परिस्थितियों को वही बेहतर समझ सकती हैं, इसलिए दूसरों को इस मामले में राय देने से बचना चाहिए।
सपना से इंटरव्यू के दौरान ये सवाल भी पूछा गया कि क्या वह भविष्य में दोबारा शादी करना चाहेंगी? इस पर उन्होंने फिलहाल दूसरी शादी की संभावना से इनकार किया। सपना ने कहा कि उन्हें आसानी से किसी से प्यार नहीं होता। वह भावुक इंसान हैं और जब किसी को प्यार करती हैं तो पूरी गहराई से करती हैं।
उन्होंने कहा, 'अगर भविष्य में ऐसा कोई मिला और लायक हुआ तो सोचेंगे। फिलहाल मुझे नहीं लगता कि मैं दूसरी शादी करूंगी।' उनके इस जवाब से साफ है कि फिलहाल उनका दोबारा शादी करने का कोई इरादा नहीं है।
वीर साहू हरियाणा के जाने-माने सिंगर, म्यूजिक कंपोजर, गीतकार और स्टेज कलाकार हैं। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में उनकी अपनी अलग पहचान है। उनके गानों में हरियाणा की संस्कृति और देसी अंदाज देखने को मिलता है। उत्तर भारत में भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है। अपने दबंग अंदाज के कारण भी वीर अक्सर चर्चा में रहते हैं।
सपना और वीर ने जनवरी 2020 में कोर्ट मैरिज की थी। दोनों ने अपनी शादी को काफी समय तक निजी रखा था। अक्टूबर 2020 में सपना ने बेटे पोरस को जन्म दिया। हालांकि, उन्होंने अपने मां बनने की खबर भी कई महीनों बाद सार्वजनिक की थी। इसके बाद साल 2024 में दोनों दूसरे बेटे शाहबीर के माता-पिता बने। सपना ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की खबर भी लोगों से छिपाकर रखी थी।
दोनों सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे के साथ बहुत कम तस्वीरें साझा करते थे। यही वजह रही कि उनके रिश्ते में चल रही परेशानियों के बारे में लंबे समय तक किसी को जानकारी नहीं मिल पाई। अब तलाक की अर्जी दाखिल होने के बाद सपना और वीर की शादीशुदा जिंदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, तलाक की असली वजह को लेकर दोनों की ओर से अभी तक विस्तार से कोई जानकारी सामने नहीं आई है।