
King Vs Dhurandhar: शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म 'King' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में आ गई है। आज मंगलवार को फिल्म का नया पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तर्क-वितर्क छिड़ गई। दरअसल, कुछ यूजर्स ने पोस्टर की तुलना रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2 से करते हुए इसे सस्ती कॉपी बताया है। तो वहीं, कुछ लोगों ने पोस्टर के लुक और विजुअल्स पर भी सवाल उठाए हैं।
सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बन रही 'किंग' इस साल की मोस्टअवेटेड फिल्मों में शामिल है। शाहरुख ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, "आज फिर याद आया, कातिल नही, आशिक हूं" इसके साथ उन्होंने फिल्म की रिलीज डेट 24 दिसंबर, 2026 बताई। बता दें, पोस्टर में शाहरुख आग के बीच चलते नजर आ रहे हैं। इसी विजुअल को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स 'किंग' की तुलना 'धुरंधर 2' से कर रहे हैं। हालांकि, पोस्टर कॉपी किए जाने के दावे यूजर्स की प्रतिक्रियाएं हैं।
'किंग' का पोस्टर सामने आते ही कुछ यूजर्स ने X पर अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने शाहरुख को टैग करते हुए लिखा कि फिल्म के पोस्टर में 'धुरंधर' जैसा लुक, आग और फ्रेम यूज करने की कोशिश की गई है। यूजर ने पोस्टर को AI से बना घटिया काम भी बताया। इसके साथ ही एक अन्य यूजर ने पोस्टर की आलोचना करते हुए 'किंग' की कहानी की तुलना फिल्म 'लियोन: द प्रोफेशनल' से की और दावा किया कि अब पोस्टर भी 'धुरंधर 2' से कॉपी किया गया है।
तो वहीं, एक और यूजर ने पोस्टर को 'धुरंधर 2' की नकल बताते हुए लिखा कि कॉपी करने के बावजूद शाहरुख का लुक उसे पसंद नहीं आया। यूजर ने ये भी दावा किया कि पोस्टर शाहरुख के कुछ फैंस को भी पसंद नहीं आया। हालांकि, ये सोशल मीडिया यूजर्स के निजी विचार हैं।
' King' 24 दिसंबर, 2026 को थिएटर में रिलीज होने वाली है। खबरों के मुताबिक, शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन यानी 2 नवंबर, 2026 को फिल्म से जुड़ा कोई नया अपडेट सामने आ सकता है। इसमें पोस्टर और टीजर शामिल होने की अटकलें हैं, लेकिन मेकर्स की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिल्म में शाहरुख के अलावा सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, जैकी श्रॉफ, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी नजर आएंगे। इतनी बड़ी स्टारकास्ट के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है।
24 दिसंबर, 2026 को अनीत पड्डा की फिल्म 'शक्ति शालिनी' भी रिलीज होने वाली है। हालांकि, इसकी रिलीज टलने की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन इस बारे में भी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में फिलहाल यह साफ नहीं है कि दोनों फिल्में एक ही दिन सिनेमाघरों में दस्तक देंगी या नहीं।