मनोरंजन

‘पठानों को गोली मारनी है तो मार दो, मैं नहीं डरता’, शाहरुख खान ने अंडरवर्ल्ड को दी थी खुली चुनौती? संजय गुप्ता का पुराना बयान वायरल

Shah Rukh Khan Underworld: संजय गुप्ता ने बताया कि अंडरवर्ल्ड की धमकियों के बावजूद शाहरुख खान ने फिल्म और शो करने से इनकार कर दिया था। जानिए क्या था उनका बेखौफ जवाब।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 12:52 PM IST
Shah Rukh Khan Underworld
संजय गुप्ता का पुराना बयान चर्चा में (सोर्स: x-@ChPawanDagar/IMDb)

Sanjay Gupta Old Statement: बॉलीवुड में 90 के दशक और 2000 के शुरुआती सालों में अंडरवर्ल्ड का खौफ किसी से छिपा नहीं था। उस दौर में फिल्मी सितारों से लेकर निर्माता और निर्देशकों तक को धमकियों का सामना करना पड़ता था। कई बार फिल्मों में काम करने और स्टेज शो करने तक के लिए दबाव बनाया था। अब फिल्ममेकर संजय गुप्ता (Sanjay Gupta) का एक पुराना बयान सुर्खियों में है, जिसमें उन्होंने बताया कि उस दौर में शाहरुख खान इकलौते ऐसे एक्टर थे, जिन्होंने अंडरवर्ल्ड के सामने झुकने से साफ इनकार कर दिया था।

संजय गुप्ता ने हुसैन जैदी के पॉडकास्ट 'हुसैन जैदी फाइल्स' में मुंबई अंडरवर्ल्ड के उस दौर और बॉलीवुड में फैले डर के माहौल पर बात की थी। उन्होंने बताया कि शाहरुख खान को जब अंडरवर्ल्ड की तरफ से धमकी मिली, तो उन्होंने साफ कह दिया था कि वो न तो उनके लिए कोई फिल्म करेंगे और न ही कोई शो।

शाहरुख खान ने अंडरवर्ल्ड को दिया था ये जवाब

संजय गुप्ता के अनुसार, शाहरुख खान को जब धमकी दी गई तो उन्होंने बेखौफ अंदाज में जवाब दिया था, 'पिक्चर तो कभी नहीं करूंगा, शो कभी नहीं करूंगा। पठान हूं, गोली मारनी है तो मार दो। मैं तुमसे डरता नहीं हूं, लेकिन तुम्हारे साथ काम नहीं करूंगा और तुम्हारे लिए कोई शो भी नहीं करूंगा।'

संजय ने बताया कि शाहरुख के इस रुख ने अंडरवर्ल्ड के लोगों के बीच भी उनके लिए सम्मान पैदा किया। उन्हें लगा कि इंडस्ट्री में कम से कम एक ऐसा शख्स तो है, जो धमकियों के आगे झुकने को तैयार नहीं है। संजय के मुताबिक, शाहरुख ने अपने इस रवैये से सच में अपना सम्मान कमाया था।

बॉलीवुड के कई सितारों के अंडरवर्ल्ड से थे संबंध?

संजय गुप्ता ने बातचीत के दौरान बॉलीवुड के उस दौर की एक और कड़वी सच्चाई सामने रखी। उन्होंने कहा कि उस समय कई बड़े एक्टर और अभिनेत्रियां अंडरवर्ल्ड के संपर्क में थे। उनके मुताबिक, कुछ सितारों को इस बात का गर्व भी महसूस होता था कि उनके अंडरवर्ल्ड से संबंध हैं और उन्हें सीधे फोन पर बात करने की सुविधा मिलती है।

संजय ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इंडस्ट्री में लोगों की जान जा रही थी और कलाकारों के बीच डर का माहौल था, तो इसके लिए फिल्म इंडस्ट्री के लोग भी कहीं न कहीं जिम्मेदार थे। उनका मानना था कि जब लोग खुद ऐसे लोगों के साथ नजदीकियां बढ़ाते हैं, तो उन्हें भी इस माहौल के लिए अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

90 के दशक में बॉलीवुड पर था अंडरवर्ल्ड का खौफ

संजय गुप्ता ने बताया कि 90 के दशक और 2000 के शुरुआती वर्षों में मुंबई अंडरवर्ल्ड का प्रभाव फिल्म इंडस्ट्री में काफी ज्यादा था। उस दौर में कलाकारों और फिल्ममेकर्स को निशाना बनाया जाता था। ऐसे माहौल में शाहरुख खान का धमकियों के सामने न झुकना संजय के लिए खास बात थी। उनका ये बयान एक बार फिर चर्चा में है और शाहरुख खान के फैंस भी उनके इस बेखौफ अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।

Updated on:
31 Oct 2026, 12:52 PM IST
Published on: