
छोटा राजन के फोन से डर गए थे संजय गुप्ता (सोर्स: x-@MrGurujiAnand/instagram-raw.indiaa)
Sanjay Gupta Interview: बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड के दखल और उसके खौफ के कई किस्से सामने आते रहे हैं। अब फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा ही चौंकाने वाला किस्सा सुनाया है। उन्होंने बताया कि एक फिल्म में आदित्य पंचोली के किरदार को बेहतर बनाने की बात कैसे अंडरवर्ल्ड तक पहुंच गई और इसके बाद उन्हें छोटा राजन के नाम से फोन आया। हालात ऐसे बन गए कि संजय गुप्ता को अपना घर छोड़ने के लिए संजय दत्त से मदद मांगनी पड़ी।
संजय गुप्ता ने बताया कि एक दिन उनके पास फोन आया। दूसरी तरफ मौजूद शख्स ने पहले अपना परिचय 'नाना' के तौर पर दिया। जब संजय ने पूछा कि कौन नाना, तो उसने खुद को छोटा राजन बताया। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद रवि दीवान उनके साथ मजाक कर रहे हैं। उन्हें समझ नहीं आया कि छोटा राजन आखिर उन्हें फोन क्यों करेगा। इसके बाद वो फसते चले गए, उन्हें ऐसा लगा अब वो नहीं बच पाएंगे और मारे जा सकते है।
इसके बाद फोन पर गालियां दी जाने लगीं और मौत की धमकियां भी दी जाने लगी। संजय गुप्ता के मुताबिक, बाद में उन्हें पता चला कि फोन करने वाला शख्स वास्तव में बड़ा राजन था। बड़ा राजन की मौत से छोटा राजन को गहरा सदमा लगा था और वह उसका बहुत सम्मान करता था। फोन पर बातचीत के दौरान वह गुस्से में था और संजय को लगातार गालियां दे रहा था।
संजय गुप्ता ने बताया कि फोन आने के बाद उन्होंने तुरंत संजय दत्त को कॉल किया और उनसे कहा कि उन्हें किसी तरह घर से बाहर निकालें। उन्हें बताया गया था कि कुछ लोग टैक्सी से वहां पहुंच चुके हैं। ऐसे में संजय दत्त ने अपने पिता सुनील दत्त की आधिकारिक सांसद वाली जीप उनके घर भेजी।
संजय गुप्ता का घर ग्राउंड फ्लोर पर था। जीप बिल्डिंग के अंदर तक आई और उसका पिछला दरवाजा खोला गया। संजय गुप्ता तुरंत गाड़ी में बैठ गए और वहां से निकल गए। उन्होंने बताया कि उस वक्त उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाए।
इस पूरे मामले के पीछे फिल्म 'राम शास्त्र' में आदित्य पंचोली के किरदार को बेहतर बनाने की बात थी। संजय गुप्ता के मुताबिक, आदित्य एक दोस्त के साथ शराब पी रहे थे। उस दौरान उन्होंने कहा था कि फिल्म 'आतिश' में उनका किरदार इतना अच्छा था कि उनका करियर आगे बढ़ सकता था, लेकिन 'राम शास्त्र' में उनका रोल उतना दमदार नहीं था। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर संजय गुप्ता पर किरदार बेहतर करने के लिए दबाव बनाया जा सके तो अच्छा होगा।
आदित्य ने हालांकि संजय गुप्ता से सीधे इस बारे में बात नहीं की थी। उनकी यह बात किसी दूसरे व्यक्ति के जरिए आगे पहुंच गई और मामला बिगड़ गया। संजय गुप्ता ने आदित्य से कहा कि उन्होंने उन्हें इस मुश्किल में डाल दिया, इसलिए अब उन्हें ही इससे बाहर निकालना होगा। इसके बाद में जब आदित्य पंचोली संजय गुप्ता से मिले तो उन्होंने उन्हें गले लगाया और अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी। इसके बाद संजय गुप्ता ने फोन पर संबंधित शख्स से भी माफी मांगी। जवाब में उनसे कहा गया कि उन्हें काम पर ध्यान देना चाहिए और आदित्य का किरदार थोड़ा बेहतर कर देना चाहिए। संजय गुप्ता ने भी कहा कि वह अपनी तरफ से किरदार को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। इन तमाम मसलों के बाद संजय गुप्ता के मन को शांति मिली और उन्हें उस वक्त ऐसा लगा कि वो मरते-मरते बचें है, फिर शूटिंग पहले की तरह शुरू हुआ।
Updated on:
31 Oct 2026, 2:05 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 2:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.