
संजय गुप्ता के निधन पर पुलिस ने दिया बड़ा बयान (Photo Source- Instagram/@_sanjaygupta)
Police Big reveals on Sanjay Gupta Death Reason: बॉलीवुड इंडस्ट्री उस समय हैरान रह गई जब खबर आई कि जाने-माने फिल्ममेकर संजय गुप्ता (Sanjay Gupta) का निधन हो गया है। 59 साल की उम्र में वह शनिवार सुबह मुंबई के वर्सोवा स्थित अपने घर में मृत पाए गए। उनके अचानक इस तरह दुनिया से चले जाने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। इस बीच, वर्सोवा पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच के बाद एक बड़ा खुलासा किया है और बताया है कि आखिर उस रात उनके घर में क्या हुआ था?
वर्सोवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने संजय गुप्ता के निधन के बाद एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है और वह घटनाओं के सटीक क्रम का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संजय गुप्ता वर्सोवा में जेपी रोड पर स्थित एक बिल्डिंग में रहते थे। उनके घर में CCTV कैमरे लगे हुए हैं। जब पुलिस ने घर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तो हादसे की पूरी दास्तान सामने आ गई।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, "फुटेज से पता चलता है कि रात करीब 2 बजे गुप्ता ड्राइंग रूम में बैठे थे, इसके बाद वह किचन की तरफ गए और अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह दीवार से टकरा गए।"
फुटेज में देखा गया कि उनका सिर किचन और ड्राइंग रूम के बीच की दीवार के कोने से जोरदार तरीके से टकराया था, जिसके बाद वह फर्श पर गिर गए थे। उस दौरान उनके पास उनका पालतू कुत्ता भी नजर आया। लेकिन उनकी पत्नी, बेटा और बेटी अपने-अपने अलग बेडरूम में सो रहे थे, इसलिए रात में किसी को इस दुर्घटना की भनक नहीं लग पाई।
शनिवार की सुबह जब परिवार के सदस्य उठे, तो उन्होंने संजय गुप्ता को जमीन पर खून से लथपथ पड़ा देखा तो वह घबराए गए। परिजन आनना-फानन में उन्हें पास के अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्योकिं उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बह चुका था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है।
परिवार ने पुलिस को दिए अपने बयान में साफ किया है कि उन्हें किसी पर भी कोई शक नहीं है और सीसीटीवी फुटेज में भी साफ दिख रहा है कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर अपनी जांच पूरी कर ली है।
संजय गुप्ता अपने शानदार करियर के दौरान 'कांटे', 'जिंदा', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और ऋतिक रोशन स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म 'काबिल' जैसी बेहतरीन फिल्मों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके यूं अचानक चले जाने से बॉलीवुड ने अपना एक प्रतिभाशाली निर्देशक खो दिया है।
Updated on:
31 Oct 2026, 2:29 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 1:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.