
Sharad Kapoor Viral Video Rumours: फिल्म 'जोश' से अपनी पहचान बनाने वाले एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी खराब सेहत और आर्थिक तंगी के चलते लगातार चर्चा में हैं। हाल ही में उनके 4 पालतू कुत्तों को एक एनिमल वेलफेयर सेंटर में भेजे जाने की खबर सामने आई थी। इस बीच, शरद कपूर ने सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर कड़ी नाराजगी जताई है और साफ किया है कि शेल्टर में रह रहे सभी जानवर उनके अपने बच्चों जैसे हैं। सोनू सूद से मुलाकात और सलमान खान के समर्थन के बीच एक्टर का ये नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
'बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट' के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किए गए इस नए वीडियो में शरद कपूर ने अपने फैंस के अपार प्यार के लिए शुक्रिया अदा किया। हालांकि, इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों और अफवाहों पर खुलकर अपनी भड़ास निकाली।
शरद ने कहा कि कई बार समझ ही नहीं आता कि लोग क्या और क्यों फैला रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि उनके पालतू जानवर और शेल्टर में रहने वाले बेजुबान जीव उनके अपने बच्चों की तरह हैं। इन सबसे परेशान होकर उन्होंने फैसला किया है कि अब वे लोगों से सीधे मिलने के बजाय दूर से ही 'नमस्ते' करेंगे। साथ ही, उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यदि अब किसी को कोई भी मदद चाहिए या जरूरत है, तो वे उन्हें सीधा मैसेज कर सकते हैं या फिर 'हेमा' को मैसेज भेज सकते हैं।
मुश्किल दौर से गुजर रहे एक्टर ने अपने फैंस को आश्वस्त किया है कि वो हार नहीं मानेंगे। उन्होंने सकारात्मक अंदाज में ऐलान किया, "जनवरी से मैं एक रॉकस्टार की तरह काम करना शुरू करूंगा और मैं वैसा ही रहूंगा।" उनका यह वीडियो 16 नवंबर को मुंबई में अभिनेता सोनू सूद के साथ हुई उनकी मुलाकात के बाद सामने आया है, जहां दोनों को गर्मजोशी से मिलते देखा गया था। हालांकि, इस मुलाकात में आर्थिक मदद या नए प्रोजेक्ट को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि शरद कपूर की मदद के लिए बॉलीवुड के कई बड़े नाम आगे आ रहे हैं। सोनू सूद के अलावा सुपरस्टार सलमान खान के भी उनकी आर्थिक मदद के लिए आगे आने की खबरें हैं। 'ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन' (AICWA) ने इस मुश्किल समय में शरद की मदद करने के लिए सलमान खान और सोनू सूद दोनों ने शरद कपूर की खूब तारीफ की है और अन्य फिल्मी हस्तियों से भी ऐसे कलाकारों के समर्थन में आगे आने की अपील की है।